logo

कार चलाते समय ये 7 गलतियां की तो खराब हो सकती है क्लच प्लेट; बचने के तरीके जानें

 
कार चलाते समय ये 7 गलतियां की तो खराब हो सकती है क्लच प्लेट; बचने के तरीके जानें

शहरों में बढ़ते वाहनों के कारण सड़कों पर ट्रैफिक जाम अब आम समस्या बन गया है। ऐसे में कार चालकों को बार-बार ब्रेक लगाने, गाड़ी रोकने और दोबारा स्टार्ट करने की जरूरत पड़ती है। इस दौरान ड्राइविंग की कुछ छोटी-छोटी गलतियां कार के क्लच सिस्टम पर भारी पड़ सकती हैं।

खासकर मैनुअल गियर वाली कारों में क्लच का सही इस्तेमाल नहीं करने से इसकी प्लेट जल्दी घिस सकती है। क्लच बदलवाने में अच्छा-खासा खर्च भी आता है। ऐसे में रोजाना ट्रैफिक में कार चलाने वालों के लिए जरूरी है कि वे अपनी कुछ आदतों में बदलाव करें।

धीमी रफ्तार वाले ट्रैफिक में कई चालक कार को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने के लिए लगातार हाफ क्लच का इस्तेमाल करते हैं। इस दौरान क्लच पूरी तरह जुड़ने के बजाय आंशिक रूप से संपर्क में रहता है, जिससे घर्षण और गर्मी बढ़ती है। लंबे समय तक ऐसा करने से क्लच प्लेट तेजी से घिस सकती है। इसलिए जरूरत के अनुसार ही क्लच का इस्तेमाल करें और गियर बदलने के बाद इसे पूरी तरह छोड़ दें।

क्लच पेडल पर पैर टिकाकर चलाने से बचें
कुछ लोगों की आदत होती है कि वे कार चलाते समय अपना बायां पैर क्लच पेडल पर ही रखते हैं। भले ही पैर का दबाव बहुत कम हो, लेकिन इससे क्लच सिस्टम पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है। गियर बदलने के बाद पैर को क्लच से हटाकर फुटरेस्ट पर रखना बेहतर आदत है।

लाल बत्ती पर क्लच दबाकर खड़े न रहें
ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने के दौरान कई चालक पहले गियर में कार रखकर लगातार क्लच दबाए रखते हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से क्लच रिलीज सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। यदि सिग्नल पर कुछ समय रुकना है तो कार को न्यूट्रल में करके क्लच पेडल छोड़ देना चाहिए। इससे क्लच के अनावश्यक इस्तेमाल से बचा जा सकता है।

कार स्टार्ट करते समय सही गियर का चुनाव जरूरी
कार को आगे बढ़ाने के लिए सही गियर का चयन करना भी जरूरी है। सामान्य परिस्थितियों में कार को पहले गियर से चलाना चाहिए। जल्दबाजी में ऊंचे गियर में कार आगे बढ़ाने की कोशिश करने से इंजन और क्लच पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इसलिए वाहन की गति और परिस्थितियों के अनुसार गियर का इस्तेमाल करें।

कम स्पीड में ऊंचा गियर डालने की गलती न करें
ट्रैफिक में कई बार कार की रफ्तार काफी कम हो जाती है। ऐसी स्थिति में ऊंचे गियर में कार चलाते रहने से इंजन पर दबाव पड़ सकता है। जरूरत के अनुसार गियर कम करना बेहतर रहता है। सही गियर का चुनाव करने से कार सुचारू रूप से चलती है और क्लच को बार-बार स्लिप कराने की जरूरत भी कम पड़ती है।

क्लच छोड़ते समय एक्सीलेरेटर का रखें ध्यान
कार को आगे बढ़ाते समय क्लच और एक्सीलेरेटर के बीच सही तालमेल होना जरूरी है। कई चालक जल्दबाजी में क्लच छोड़ते हुए जरूरत से ज्यादा एक्सीलेरेटर दे देते हैं। इससे क्लच प्लेट में अनावश्यक घर्षण और गर्मी पैदा हो सकती है। इसलिए कार को धीरे और संतुलित तरीके से आगे बढ़ाना चाहिए।

क्लच की जांच और रखरखाव को न करें नजरअंदाज
क्लच सिस्टम की समय-समय पर जांच करवाना भी जरूरी है। क्लच का फ्री-प्ले वाहन के निर्माता की ओर से निर्धारित मानकों के अनुसार होना चाहिए। यदि क्लच पेडल असामान्य रूप से सख्त हो, गियर लगाने में परेशानी आए या इंजन की गति बढ़ने के बावजूद कार की रफ्तार न बढ़े तो मैकेनिक से जांच करवानी चाहिए। इसके अलावा नियमित सर्विसिंग और कंपनी के दिशा-निर्देशों का पालन करना भी जरूरी है।

इन आदतों से बढ़ सकती है क्लच प्लेट की उम्र
कार की क्लच प्लेट लंबे समय तक ठीक रहे, इसके लिए ड्राइविंग के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है। हाफ क्लच का सीमित इस्तेमाल, सिग्नल पर न्यूट्रल करना, क्लच पेडल से पैर हटाकर रखना और सही गियर में कार चलाना जैसी आदतें क्लच पर अनावश्यक दबाव कम कर सकती हैं। थोड़ी सी सावधानी न केवल क्लच की उम्र बढ़ाने में मदद करती है, बल्कि बार-बार मरम्मत पर होने वाले खर्च से भी बचा सकती है।