logo

जिला स्तरीय क्वान की डो चैंपियनशिप में राउमावि आईजीएनपी कॉलोनी के छात्र रौशन कुमार ने जीता स्वर्ण पदक, बीकानेर का नाम किया रोशन

प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने स्वर्ण पदक पहनाकर किया सम्मानित, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर
 
रौशन कुमार ने जीता स्वर्ण पदक

बीकानेर, 14 अक्टूबर 2026। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आईजीएनपी कॉलोनी, बीकानेर के प्रतिभावान छात्र रौशन कुमार पुत्र श्री राजू साहनी ने वैदिक मार्शल आर्ट्स अकादमी, बीकानेर के इंडोर मैदान में आयोजित 8वीं बीकानेर जिला स्तरीय क्वान की डो (Qwan Ki Do) चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय, परिवार एवं बीकानेर का नाम रोशन किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आज विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने छात्र रौशन कुमार को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया तथा उसका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता में रौशन कुमार ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं साहस का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। मार्शल आर्ट्स जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में छात्र की यह सफलता उसकी मेहनत, लगन एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।

प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध ने छात्र की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस, मानसिक एकाग्रता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि रौशन कुमार की सफलता विद्यालय एवं पूरे बीकानेर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने छात्र को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बीकानेर एवं राजस्थान का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

रौशन कुमार की इस स्वर्णिम उपलब्धि में विद्यालय के समस्त शारीरिक शिक्षकों का विशेष सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा। शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास, पवन नायक एवं मदन लाल द्वारा छात्र को निरंतर प्रोत्साहन, मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया। प्रधानाचार्य ने शारीरिक शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।

विद्यालय परिवार ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश्वर कुमार साध, उपप्राचार्य गणेश चौधरी, शारीरिक शिक्षक अशोक व्यास, पवन नायक एवं मदन लाल, उपप्राचार्य वंदना राठौड़, ओमप्रकाश गौड़, मंजुल मुकुल वर्मा, मनीष विधानी, मनीता, सरोज मेघवाल, राजबाला चौधरी, दिनेश, रजनी गुर्जर, शमीम बानो, मोनिका महर्षि, मंजू सियाग, प्रीतम रांकावत, सुशीला सांखला, निर्मला, सुमन पंवार, रचना भांबरी, सुनीता, ताराचंद पायल, तनय भटनागर एवं शशांक मिश्रा सहित विद्यालय परिवार के समस्त सदस्यों ने छात्र रौशन कुमार को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय परिवार ने रौशन कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उसकी यह स्वर्णिम सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने एवं अपनी प्रतिभा के बल पर बीकानेर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।