प्राची सैनी ने खेलो इंडिया अस्मिता में जीते 2 गोल्ड मेडल
Sports news : खेलो इंडिया अस्मिता फेंसिंग जोनल लीग (नॉर्थ जोन) की प्रतियोगिताएं चल रही हैं। इसमें जींद के डीएवी स्कूल की छात्रा प्राची सैनी ने सीनियर व जूनियर दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतियोगिता 23 से 25 अक्टूबर तक हिसार जिले के सिसाय गांव स्थित स्पोर्ट्स स्कूल में आयोजित की गई।
प्राची सैनी ने हरियाणा स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप की जूनियर श्रेणी में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने जूनियर नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
प्राची सैनी अब तक राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में 50 से अधिक पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दे चुकी हैं। इसके अतिरिक्त प्राची ने एशियन कैडेट कप में भी स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
वर्तमान में प्राची सैनी गुजरात के अहमदाबाद स्थित विजयी भारत फाउंडेशन में अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में फेंसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
