हरियाणा रग्बी राज्य प्रतियोगिता में जींद बना चैंपियन, दोनों वर्गों में गोल्ड, भिवानी और हिसार को सिल्वर मेडल
Haryana sports news : हरियाणा के जींद में आधारशिला स्कूल में चल रही दो दिवसीय अस्मिता रग्बी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जींद का शानदार प्रदर्शन रहा। प्रतियोगिता में अंडर-15 एवं अंडर-18 आयु वर्ग की लड़कियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दूसरे दिन सेमीफाइनल एवं अन्य निर्णायक मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। जींद की टीम ने दोनों आयु वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया।
जींद रग्बी संघ के सचिव मुनीत बेरवाल ने बताया कि अंडर-15 लड़कियों के वर्ग में जींद की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि भिवानी की टीम ने रजत पदक और चरखी दादरी की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों के बीच पूरे टूर्नामेंट के दौरान रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अंडर-18 आयु वर्ग में कड़े मुकाबले में जींद की टीम ने हिसार को हराकर स्वर्ण पदक जीता। हिसार की टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, चरखी दादरी की टीम ने भिवानी को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
समापन समारोह में समाजसेवी कुलदीप रंधावा,एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह, रग्बी हरियाणा के सचिव सुशील कुमार, सह सचिव बबीता सिंह तथा आधारशिला स्कूल की निदेशक अंजू सिहाग ने विजेता एवं पदक प्राप्त करने वाली खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।
रग्बी हरियाणा सचिव सुशील ढांडा एवं निदेशक नरेंद्र मोर ने इंडियन रग्बी फुटबॉल यूनियन के आब्जर्वर चक्रवीर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। रग्बी प्रतियोगिता के सफल संचालन में राजेंद्र डीपीई, सुदेश तक्षक, गौरव आश्री, कृष्ण सिंगरोहा, जोगेंद्र नेहरा, राजेश तक्षक, नवजोत सिंहमार एवं प्रदीप लाठर ने तकनीकी अधिकारियों के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैचों का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने में उनकी भूमिका सराहनीय रही।
इस अवसर पर जींद रग्बी के निदेशक कुलदीप अहलावत, सत्यवीर धनखड मीडिया प्रभारी खेल,सिरसा रग्बी के अध्यक्ष सतबीर ठाकुर, पंचकूला रग्बी के सचिव जितेंद्र बांगर, हिसार रग्बी के सचिव नीरज वर्मा, भिवानी रग्बी के सचिव भूपेंद्र ढुल, जींद रग्बी के अध्यक्ष सुरेश अहलावत तथा उपाध्यक्ष देवेंद्र सहित रग्बी से जुड़े अनेक पदाधिकारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
अस्मिता रग्बी राज्य प्रतियोगिता ने हरियाणा की युवा महिला खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया। सफल आयोजन से प्रदेश में महिला रग्बी को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लड़कियों को खेल से जोड़ने के प्रयासों को नई गति मिली है।
