हरियाणा के बेटे का इंटरनेशनल क्रिकेट लीग में सिलेक्शन, दिल्ली रॉयल्स ने खरीदा, शिखर धवन..
Haryana Sukhpal Cricketer : मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपने में जान होती है। लगातार मेहनत, अथक अभ्यास, अनुशासन के दम पर हरियाणा के बेटे सुखपाल का इंटरनेशनल क्रिकेट लीग में चयन हुआ है। सुपर-90 क्रिकेट लीग के लिए सुखपाल को दिल्ली रॉयल्स ने खरीदा है। सुखपाल अब शिखर धवन के साथ मैदान में दिखेंगे।
चरखी दादरी के गांव ठाणी निवासी सुखपाल फोगाट फिलहाल सोनीपत जिले में मुख्य क्रिकेट कोच के रूप में तैनात हैं। वे युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट की बारीकियां सिखाने, तकनीक सुधारने और उन्हें बेहतर करने में लगे हैं। प्रशिक्षण की जिम्मेदारियों के साथ वह खुद भी नियमित अभ्यास जारी रखते हैं।
क्रिकेट करियर में सुखपाल हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी और कर्नल सीके नायड़ू जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। इसके अलावा विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं, स्कूल से लेकर अंतर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे हैं।
10 जनवरी 1996 को जन्मे सुखपाल फोगाट के पिता अजीत सिंह वर्ष 2025 में जनस्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हुए हैं और वर्तमान में खेती बाड़ी करते हैं। उनकी माता गृहिणी हैं। सुखपाल ने एमएनएसएस राय स्पोर्ट्स स्कूल सोनीपत से शिक्षा प्राप्त की और दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
क्रिकेट के प्रति अपने जुनून को पेशेवर पहचान देने के लिए उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल संस्थान पटियाला से क्रिकेट कोचिंग की उपाधि भी हासिल की।
3 से 12 दिसंबर तक नैरोबी में होनी है क्रिकेट लीग
मिली जानकारी के अनुसार 3 से 12 दिसंबर तक केन्या की राजधानी नैरोबी में होने वाली प्रतियोगिता में देश-विदेश के कई अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे में सुखपाल को बड़े खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने, उनसे खेल की बारीकियां सीखने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
युवाओं के नाम सुखपाल का संदेश
सुखपाल फोगाट ने कहा कि युवा किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करना चाहते हैं तो उन्हें बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने के लिए रोजाना मेहनत भी करनी होगी। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। खेल में प्रतिभा के साथ अनुशासन, धैर्य, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच जरूरी है।
असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। गांव या छोटे शहर में संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी नहीं बनने देना चाहिए।
