हरियाणा में 110 करोड़ से यहां बनेगा हाईटेक शूटिंग सेंटर, ओलिंपिक की तैयारी करेंगे खिलाड़ी
Haryana Shooting range : हरियाणा में खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने की दिशा में बड़ी परियोजना पर काम शुरू हो गया है। ओलिंपिक की तैयारी के लिए हरियाणा के पंचकूला में सेक्टर-32 में करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक शूटिंग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है।
इसके निर्माण से प्रदेश के उभरते निशानेबाजों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के बीच अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि यहां ओलिंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के मानकों के अनुरूप शूटिंग रेंज तैयार की जाएंगी।
पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पीएमडीए) की ओर से बनाई जा रही इस परियोजना पर 109 करोड़ 79 लाख 78 हजार रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य 16 जून 2026 को शुरू हुआ था और इसे 15 जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
करीब साढ़े नौ एकड़ में बनने वाले इस कॉम्प्लेक्स के लिए पहले 13.75 एकड़ जमीन प्रस्तावित थी, लेकिन उपलब्ध जमीन के अनुसार परियोजना का आकार संशोधित किया गया है।
तीन तरह की शूटिंग रेंज होंगी तैयार
इस कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी विशेषता यहां बनने वाली 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर की शूटिंग रेंज होंगी। इनमें इलेक्ट्रॉनिक टारगेट के साथ डिजिटल स्कोरिंग और रैंकिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को अपने निशाने की सटीकता और प्रदर्शन का तकनीकी आकलन करने में मदद मिलेगी। परिसर में जी-प्लस-2 इमारत का निर्माण किया जाएगा।
अभ्यास के साथ प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन
शूटिंग कॉम्प्लेक्स को केवल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि बड़े खेल आयोजनों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। यहां वीआईपी लाउंज, दर्शक दीर्घा, मीडिया एवं ब्रॉडकास्ट रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और डाइनिंग एरिया जैसी सुविधाएं होंगी। इसके अलावा सेंट्रलाइज्ड एसी, सीसीटीवी निगरानी, एक्सेस कंट्रोल, लिफ्ट और रिन्यूएबल एनर्जी सिस्टम भी विकसित किए जाएंगे।
ट्राईसिटी के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा फायदा
अभी पंचकूला और आसपास के कई निशानेबाजों को अभ्यास के लिए दूसरे शहरों की सुविधाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। नई रेंज बनने से हरियाणा के साथ चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। अंजुम मौदगिल, अर्जुन बबूटा, यशस्विनी सिंह देसवाल और मलाइका गोयल जैसे निशानेबाजों के कारण इस क्षेत्र की पहचान पहले से ही शूटिंग खेल में रही है।
