हरियाणा के इस शहर को टोल से मुक्ति, इस दिन से जनता के लिए होगा फ्री
Toll Free News : हरियाणा में नेशनल हाईवे पर स्थित एक टोल प्लाजा जल्द ही बंद होने वाला है। 1 फरवरी 2027 से यह टोल जनता के लिए पूरी तरह से फ्री होगा और शहरवासियों को भी टोल से मुक्ति मिलेगी। यह आदेश हरियाणा के शिक्षा मंत्री व पानीपत ग्रामीण से भाजपा विधायक महीपाल ढांडा ने वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में अधिकारियों के साथ सीएम घोषणाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक के दौरान की।
बैठक में मंत्री पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आए। अधिकारियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केवल फाइलों और चिट्ठियों में प्रगति दिखाने के बजाय धरातल पर परिणाम दिखाने होंगे। जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ हैं, वे लिखित में दें।
काम में कोताही बरतने और जनता को चक्कर लगवाने वाले अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। बुनियादी ढांचे की समीक्षा के दौरान मंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों से पानीपत टोल हटाने की जानकारी मांगी।
अधिकारियों ने बताया कि 1 फरवरी 2027 को रात 12 बजे के बाद पानीपत टोल जनता के लिए पूरी तरह फ्री हो जाएगा। इसके अलावा, मंत्री ने रिंग रोड, बाबरपुर मंडी फ्लाईओवर और दीवाना गाँव की फिरनी के निर्माण की प्रगति जानी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सेक्टर-24 की सड़क के इतनी जल्दी टूटने का कारण पूछते हुए कड़ा जवाब तलब किया। शहीद स्मारक का काम 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया।
अवैध कॉलोनियों और रजिस्ट्रियों पर बैठेगी जांच
नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग (डीटीपी) की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शहर में पनप रहे अवैध निर्माणों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अवैध कॉलोनाइजरों पर तुरंत शिकंजा कसने के निर्देश दिए। मंत्री ने पिछले 6 महीने में हुई रजिस्ट्रियों और 3 दिन में बनी प्रॉपर्टी आईडी की पूरी रिपोर्ट मांगी है।
इतनी बड़ी संख्या में रजिस्ट्रियां कैसे हो रही हैं, इसकी गहन जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक कमेटी गठित कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों के बाहर लगेगी दवाओं की सूची
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों के बाहर उपलब्ध दवाओं की सूची का बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि मरीजों को जानकारी मिल सके। एसडीएम पानीपत स्वयं इसकी जांच करेंगे।
इसके साथ ही, 28 स्मार्ट स्कूलों और सुपर- 40 योजना के कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मंत्री को आश्वासन दिया कि सभी दिशा-निर्देशों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।
