logo

हरियाणा के 19 गांवों की बदलेगी तस्वीर, सरकार ने शुरू की 11 बड़ी परियोजनाएं, हजारों किसानों को फायदा

 

Haryana New Project : हरियाणा सरकार की 11 बड़ी परियोजनाओं से 19 गांवों की तस्वीर बदलने वाली है। इन परियोजनाओं के लिए सरकार की तरफ से 37 करोड़ 50 लाख रुपये की मंजूरी दी है। इस बजट के माध्यम से 19 गांवों को सेम और जलभराव से मुक्ति व पेयजल की व्यवस्था होगी। किसानों के लिए बारिश का मौसम अक्सर फसलों की बर्बादी और खेतों में महीनों खड़े रहने वाले पानी का डर लेकर आता रहा है। हरियाणा सरकार ने इसमें बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाया है।

हरियाणा सिंचाई एवं महिला बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने झज्जर जिले को लगभग 37.50 करोड़ रुपए की 11 जल निकासी और सिंचाई परियोजनाओं की सौगात दी है। जिले में ड्रेनेज नेटवर्क को आधुनिक और मजबूत करने के लिए 10 परियोजनाओं का उद्घाटन और 1 बड़ी परियोजना का शिलान्यास किया गया।

इन गांवों को मिलेगा परियोजनाओं का सीधा लाभ

हरियाणा सरकार की परियोजना से खेतों में पानी भरने से गेहूं, सरसों और खरीफ फसलों के खराब होने का जोखिम न्यूनतम होगा। इसका सीधा लाभ रिटौली, कबूलपुर, गोच्छी, बिसाहन, बेरी, बाकरा, नीलाहेड़ी, अकेहड़ी-मदनपुर, अच्छेज, सफीपुर, मलिकपुर, गोधड़ी, सिवाना माजरा, दुबलधन, बिठला, लडायन, बिरहड़, मुंडाहेड़ा, चढ़वाना, ढाकला, चंदोल और सुर्खपुर के किसानों को मिलेगा। नीलाहेड़ी जैसे क्षेत्रों में अत्यधिक भूजल स्तर के कारण बंजर हो रही कृषि भूमि को ट्यूबवेल आधारित योजना से दोबारा खेती योग्य बनाया जा सकेगा।

इन परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार

कासनी लिंक नाला: 839.25 लाख रुपए की लागत से तैयार मुख्य जल निकासी लिंक।

नीलाहेड़ी भूजल नियंत्रण योजना: सेम और ऊंचे जलस्तर से निजात दिलाने के लिए 687.99 लाख रुपये की लागत से विशेष ट्यूबवेल प्रोजेक्ट।

बिसाहन लिंक नाला: 428.83 लाख रुपए से टेल रेगुलेटर और 50 सीएस (क्यूसेक) क्षमता का पंप हाउस।

अकेहड़ी-मदनपुर भूमिगत ड्रेन: 440.58 लाख रुपये (225.34 लाख + 215.24 लाख) की लागत से दो भूमिगत एचडीपीई पाइपलाइन लिंक ड्रेन।

दुबलधन क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रणः दुबलधन (घिक्यान) में 362.32 लाख रुपए से पानी निकासी व्यवस्था और दुबलधन (बिध्यान) में 86.39 लाख रुपये की लिंक नाली।

पाइपलाइन परियोजनाएं: कासनी माइनर से नाला नंबर-8 तक 318.49 लाख रुपए की पाइपलाइन और मुंडाहेड़ा से जेएलएन एस्केप चैनल तक 226.07 लाख रुपए की आरसीसी पाइपलाइन।

जेएलएन फीडर पंप सेट: 97.41 लाख रुपए की लागत से 20 सीएस और 10 सीएस क्षमता के अतिरिक्त पंप सेट।

ढाकला-चंदोल-सुर्खपुर ड्रेनेजशिलान्यास: 263.17 लाख रुपए की लागत से नाला नंबर-8 तक 1000 एमएम व्यास की नई आरसीसी पाइपलाइन बिछाने का कार्य।