हरियाणा में पंचायती जमीन के सौदे में फंसी सरपंच बर्खास्त, डीसी ने पद से हटाया
Sarpanch dismissed : हरियाणा में पंचायती जमीन के सौदे में फंसी सरपंच को कोर्ट से भी राहत नहीं मिली है। डीसी ने महिला सरपंच को पद से बर्खास्त कर दिया है। सरपंची तो गई ही है, साथ ही पंचायती जमीन भी सरपंच को वापस सौंपनी होगी।
मामला पानीपत के फरीदपुर ग्राम पंचायत का है। फरीदपुर के सरपंच अनुप्रीत को निजी बिल्डर को अनुचित आर्थिक लाभ पहुंचाने के आरोप में पद से हटाया गया है। डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने हरियाणा पंचायती राज अधिनियम के तहत बर्खास्तगी के आदेश जारी किए हैं।
एडीसी की 27 मार्च की जांच रिपोर्ट में सामने आया था कि सरपंच ने पंचायत की शामलात देह (गैर मुमकिन खाल) जमीन का विनिमय मैसर्स सुप्रवेश डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड की जमीन के साथ किया। आरोप है कि इस प्रक्रिया में हरियाणा विलेज कॉमन लैंड्स रूल्स और सरकारी निर्देशों की अनदेखी कर निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया गया।
कार्रवाई से पहले सरपंच को 5 मई को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। 26 जून व 8 सितंबर को व्यक्तिगत सुनवाई का मौका भी दिया, पर उनका जवाब और साक्ष्य संतोषजनक नहीं पाए गए।
दो याचिकाएं दायर की थीं
सरपंच ने इस कार्रवाई के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दायर की थीं। पर राहत नहीं मिल पाई। इसके बाद महाधिवक्ता हरियाणा ने 4 नवंबर को कार्रवाई में कानूनी बाधा नहीं होने की राय दी।
अब डीसी ने महिला सरपंच को बर्खास्त कर पंचायत की किसी भी बैठक या कार्रवाई में हिस्सा लेने से रोक दिया है। उन्हें पंचायत का समस्त चल-अचल रिकॉर्ड और संपत्ति तत्काल बहुमत प्राप्त पंच को सौंपने के निर्देश दिए हैं।
