logo

Haryana Weather: हरियाणा में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 10 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

 

Haryana Weather: हरियाणा में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के 10 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर और चरखी दादरी में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अधिकांश अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।

पलवल और गुरुग्राम में सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान पलवल जिले में सर्वाधिक 78.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 57.0 मिमी और यमुनानगर में 32.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 4.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है।

7 और 8 अगस्त को अच्छी बारिश के आसार

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने भी आगामी दो दिनों के लिए अच्छी बारिश की संभावना जताई है। विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून ट्रफ की उत्तरी सीमा और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण के प्रभाव से हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में मानसून ट्रफ फिरोजपुर, रोहतक, शाहजहांपुर, कानपुर, डाल्टनगंज और दीघा से होकर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से 7 और 8 अगस्त के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।