logo

हरियाणा में प्रदूषण सर्टिफिकेट बनवाने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव, अब रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आएगा OTP

 

हरियाणा में वाहन चलाने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। वाहनों से होने वाले प्रदुषण पर रोकथाम के लिए राज्य सरकार ने प्रदुषण जांच प्रमाणपत्र (PUC) जारी करने की प्रक्रिया में नई व्यवस्था शुरू कर दी है। अब प्रदुषण सर्टिफिकेट बनवाने से पहले वाहन स्वामी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड (OTP) आएगा।

पारदर्शिता को मिलेगा बढ़ावा

इस ओटीपी के जरिए मोबाइल नंबर का सत्यापन होने के बाद ही प्रदुषण प्रमाणपत्र जारी किया जा सकेगा। प्रदेश सरकार का कहना है कि इससे प्रदुषण सर्टिफिकेट बनवाने की व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और किसी भी तरह की हेराफेरी को रोकने में मदद मिलेगी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर राज्य में पीयूसी केंद्रों की निगरानी बढ़ाई जा रही है। कुछ माह पहले जांच के दौरान सामने आईं खामियों के बाद प्रमाणपत्र जारी करने वाले केंद्रों की कार्यप्रणाली पर निगरानी के लिए व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

मोबाइल नंबर बदलने की मिलेगी सुविधा

इसी क्रम में वाहन स्वामियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी की व्यवस्था शुरू की गई है। यदि किसी वाहन स्वामी का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बंद हो गया है या उपलब्ध नहीं है तो वह नया मोबाइल नंबर दर्ज करा सकता है। नया मोबाइल नंबर दर्ज कराने की सुविधा प्रदुषण जांच केंद्र पर ही उपलब्ध कराई गई है।