logo

Haryana: हरियाणा में कांवड़ियों की भीड़ पर फायरिंग, पति-पत्नी और 12 वर्षीय बेटी घायल

 

Haryana News: हरियाणा के हिसार शहर में बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने कांवड़ियों की भीड़ पर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना दयानंद कॉलोनी स्थित तिकोना पार्क और शिव मंदिर के पास हुई, जो विधायक सावित्री जिंदल के अस्पताल के नजदीक बताया जा रहा है। फायरिंग में एक ही परिवार के तीन सदस्य—पति, पत्नी और उनकी 12 वर्षीय बेटी—गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच से छह बदमाशों ने भीड़ पर करीब छह राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई और कई कांवड़िए जान बचाने के लिए इधर-उधर भागकर सुरक्षित स्थानों पर छिप गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल नजदीकी जिंदल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। दोनों के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।