logo

हरियाणा में स्वाइन फ्लू को लेकर एडवाइजरी जारी, जानें क्या है लक्षण ?

 

हरियाणा में बदलते मौसम के बीच स्वाइन फ्लू को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए आमजन को सावधानी बरतने की सलाह दी है।  

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सांस लेने में परेशानी, सिरदर्द, शरीर व जोड़ों में दर्द, कमजोरी एवं भूख कम लगना, जी मिचलाना, उल्टी तथा दस्त शामिल हैं। अगर इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई देते है तो बिल्कुल लापरवाही न बरतें। तुरंत चिकित्सक से संपर्क कर उचित जांच एवं उपचार करवाएं।

प्रवक्ता ने बताया कि नागरिकों से अपील की गई है कि खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को रूमाल से ढकें। हाथों को बार-बार साबुन और पानी से धोएं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ पौष्टिक भोजन लें।

बता दें कि हर साल अगस्त-सितंबर के आसपास स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ जाते हैं। इस बार भी कई राज्यों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए है। जिसके बाद हरियाणा में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है और एडवाइजरी जारी की है। ऐसे में अगर किसी को बुखार, खांसी या छींक जैसे लक्षण हों तो सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाए रखें, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम किया जा सके।