logo

3 माह से वेतन का इंतजार, अब काली दिवाली मनाएंगे वोकेशनल टीचर्स, 5 को प्रदर्शन

 
3 माह से वेतन का इंतजार, अब काली दिवाली मनाएंगे वोकेशनल टीचर्स, 5 को शिक्षा सदन पर प्रदर्शन

Vocational Teachers News : पानीपत। हरियाणा के वोकेशनल टीचर्स ने पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने के विरोध में इस बार काली दिवाली मनाने का ऐलान किया है। वेतन जारी नहीं होने से नाराज हरियाणा वोकेशनल टीचर एसोसिएशन ने 5 नवंबर 2026 को पंचकूला स्थित शिक्षा सदन के बाहर बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। 

इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में वोकेशनल टीचर्स के पहुंचने की संभावना है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण शिक्षकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिवाली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के मौके पर भी वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों में भारी रोष है। इसी के विरोध में शिक्षकों ने इस बार दिवाली को उत्सव के बजाय विरोध के रूप में मनाने का फैसला किया है।

मंगलवार को एसोसिएशन के प्रदेश मुख्य सलाहकार अश्वनी मलिक, पानीपत जिला प्रधान अजीत, पानीपत महिला जिला प्रधान कविता, पानीपत जिला कोषाध्यक्ष अजय कुमार, आकाश ज्योति ने शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के आवास पर ज्ञापन सौंपा। इसके बाद पदाधिकारियों ने कहा कि तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण वोकेशनल टीचर्स के सामने परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है।

शिक्षकों को अपने अधिकारों और मेहनत के वेतन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। पदाधिकारियों ने प्रदेशभर के वोकेशनल टीचर्स से 5 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में पंचकूला के शिक्षा सदन पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षकों की वेतन संबंधी समस्या का समाधान नहीं होता और उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। अब देखना होगा कि 5 नवंबर को शिक्षा सदन के बाहर होने वाला यह प्रदर्शन सरकार और संबंधित विभाग का ध्यान शिक्षकों की समस्याओं की ओर कितना आकर्षित कर पाता है।