हरियाणा के इस शहर का ट्रैफिक सिस्टम होगा हाईटैक, डिजिटल स्क्रीन पर दिखेगा जाम, चालान
Haryana news Traffic System Hightech : हरियाणा में नगर निगम से लेकर पुलिस तक अब हाई टैक सिस्टम अपनाने जा रही है। डिजिटल स्क्रीन बोर्ड के माध्यम से इन बोर्ड पर ट्रैफिक जाम की सूचना तो मिलेगी ही, साथ ही चालान काटने, सरकारी योजनाओं की जानकारी भी स्क्रीन पर डिस्पले होगी।
पानीपत से इसकी शुरूआत हो रही है। यहां नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख 8 चौराहों पर स्मार्ट डिजिटल डिस्पले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनमें लोगों को ट्रैफिक जाम, रूट डायवर्जन, सड़क सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और आपातकालीन अलर्ट जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकेंगी। खास बात यह है कि इन सभी डिजिटल बोर्ड को नगर निगम के कमांड सेंटर से संचालित किया जाएगा।
नगर निगम की इस योजना पर करीब 42.37 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 5 महीने में शहर के निर्धारित स्थानों पर डिजिटल बिलबोर्ड स्थापित किए जाने की योजना है।
ट्रैफिक नियम तोड़ने पर चालान की जानकारी भी मिलेगी
इन स्मार्ट डिजिटल बोर्ड की सबसे खास बात यह होगी कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान से संबंधित जानकारी भी डिस्प्ले पर दिखाई जा सकेगी। इसके अलावा शहर में कहां ट्रैफिक जाम है, किस रास्ते पर रूट डायवर्जन किया गया है और किन मार्गों पर आवागमन प्रभावित है, इसकी जानकारी भी लोगों को मिलती रहेगी। इससे वाहन चालकों को समय रहते वैकल्पिक रास्तों की जानकारी मिल सकेगी।
कमांड सेंटर से होगा संचालन
इस पूरी व्यवस्था के संचालन के लिए नगर निगम में एक कमांड सेंटर बनाया जाएगा। इसे पुलिस के कंट्रोल रूम से भी जोड़ा जा सकता है। शहर में पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था को भी इससे जोड़ने की योजना है। कमांड सेंटर से जरूरत के अनुसार डिजिटल बोर्ड पर संदेश, वीडियो और अन्य सूचनाएं अपडेट की जा सकेंगी। इसके लिए अधिकारियों को मौके पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
8.18 फीट लंबे और 5.03 फीट ऊंचे होंगे बोर्ड
योजना के तहत प्रत्येक डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड की लंबाई 8.18 फीट और ऊंचाई 5.03 फीट होगी। इन्हें जमीन से करीब 15 फीट की ऊंचाई पर मजबूत 300 एमएम व्यास वाले स्टील मोनोपोल पर स्थापित किया जाएगा। प्रत्येक बोर्ड के लिए बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम से 2 किलोवाट क्षमता का थ्री-फेज स्ट्रीट लाइट मीटर कनेक्शन, अर्थिंग और वाटरप्रूफ एमसीबी पैनल लगाया जाएगा।
सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी अभियानों का भी होगा प्रचार
डिजिटल बोर्ड केवल ट्रैफिक संबंधी सूचनाओं तक सीमित नहीं रहेंगे। इनके माध्यम से नगर निगम के स्वच्छता अभियान, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न जागरूकता अभियानों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा नागरिकों की सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों और शहर से जुड़ी जरूरी सूचनाओं का रियल टाइम अपडेट भी दिया जा सकेगा।
