logo

शामलात जमीन विवाद में महिला सरपंच को राहत, टर्मिनेशन पर रोक 

 
शामलात जमीन विवाद में महिला सरपंच को राहत, टर्मिनेशन पर रोक 

Panipat news : हरियाणा में महिला सरपंच को टर्मिनेशन के फैसले पर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने राहत दी है। कोर्ट ने प्रशासन के सरपंच को पद से हटाने पर रोक लगा दी है। जस्टिस पंकज जैन ने 23 नवंबर को यह अंतरिम आदेश जारी किया। इस मामले की अगली सुनवाई 20 मई 2027 को होगी।

मामला पानीपत के फरीदपुर गांव की सरपंच से जुड़ा है। इसकी सुनवाई के दौरान अनुप्रीत के वकीलों विक्रम सिंह और सुमित्रा ने हाई कोर्ट को बताया कि पानीपत जिला प्रशासन का 12 नवंबर का आदेश गलत है। यह पिछले केस में सरकारी वकील द्वारा कोर्ट में दिए गए बयान के बिल्कुल खिलाफ है।

इस पर हाई कोर्ट ने सरकार को नोटिस जारी कर दिया। इस पर हरियाणा सरकार के वकील प्रवीण कुमार ने हाई कोर्ट का नोटिस स्वीकार करते हुए मामले में विभाग से जानकारी लेकर अपना पक्ष रखने के लिए समय मांगा। तब तक के लिए हाई कोर्ट ने 12 नवंबर के आदेश पर रोक लगा दी। सरपंच ने कहा कि यह न्याय की जीत है। हमने कुछ गलत नहीं किया।

यह था पूरा मामला

एडीसी की 27 मार्च की जांच रिपोर्ट में सामने आया था कि सरपंच अनुप्रीत ने नियमों की अनदेखी कर पंचायत की शामलात जमीन (खाल) एक निजी कंपनी सुप्रवेश डेवलपर्स की जमीन से बदल दी थी, ताकि कंपनी को फायदा मिल सके।

नोटिस, सुनवाई और कानूनी राय के बाद डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने 10 नवंबर को उन्हें पद से हटाने और रिकॉर्ड बहुमत वाले पंच को सौंपने के आदेश दिए थे, जो 12 नवंबर को जारी हुए थे।