यात्रियों को अब ई-बस का रूट पूछने की नहीं जरूरत, पानीपत ई-बस स्टैंड पर लेंगे फ्लैक्स, हेल्पलाइन नंबर जारी होगा
Panipat news : पानीपत के ई-बस स्टैंड पर यात्रियों को अब बसों के रूट संबंधी परेशानी नहीं आएगी। रोडवेज प्रबंधन द्वारा यहां फ्लैक्स और डिस्पले बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा। ई-बस स्टैंड से प्रतिदिन 45 बसें चलती हैं, जिसमें 9 हजार से ज्यादा यात्री रोजाना सफर करते हैं। इसके चलते यात्रियों को परेशानी रहती थी कि कौन सी बस किस रूट पर जाएगी।
ई-बस की समय-सारिणी और रूट के लिए डिस्प्ले बोर्ड नहीं लगाने के संबंध में छात्र प्रिस नरेश वर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद ट्रैफिक विभाग के प्रमुख जसवीर सिंह हुड्डा ने संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब किया।
ई-बस स्टैंड पर रूट और समय-सारिणी के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले लगाने की मांग को रोडवेज अधिकारियों ने खारिज कर दिया दिया था। अधिकारियों ने तर्क दिया कि डिस्प्ले लगाने का जिम्मा किस विभाग का है, यह स्पष्ट नहीं है और परिवहन विभाग स्वयं इसके लिए सक्षम नहीं है। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु उच्च स्तर पर अपील करने का सुझाव दिया है। साथ ही विभाग ने A-4 पेपर पर टाइमटेबल व रूट लिखकर यहां पिल्लरों पर चस्पा किया है। हालांकि यह अस्थायी व्यवस्था है।
फ्लैक्स और हेल्पलाइन नंबर का मिलेगा विकल्प
इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले की व्यवस्था होने तक अस्थायी समाधान के रूप में ई-बस स्टैंड पर फ्लैक्स लगाए जाएंगे। चूंकि रूट या समय में आकस्मिक बदलाव की सूचना मात्र फ्लैक्स से प्राप्त होना संभव नहीं है, इसलिए अधिकारियों ने फ्लैक्स पर विभागीय हेल्पलाइन नंबर जारी करेंगे।
बस क्यू शेल्टर के लिए निगम को लिखा पत्र
ई-बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए शेल्टर न होने के मामले में पानीपत के महाप्रबंधक द्वारा नगर निगम को इस संदर्भ में पत्र प्रेषित किया जा चुका है। शिकायतकर्ता प्रिंस नरेश वर्मा के अनुसार, परिवहन विभाग का आधिकारिक लिखित जवाब मिलने के बाद ही स्थिति पूर्णतः स्पष्ट हो सकेगी कि विभाग ने किन मांगों पर स्वयं ठोस कदम उठाए हैं और किन्हें अन्य विभागों पर छोड़ दिया है।
