Panipat news : रिफाइनरी के पास बनेगा नया फायर स्टेशन, 1.28 एकड़ जमीन चिह्नित, 20 से ज्यादा बड़े उद्योगों को मिलेगी राहत
Panipat news new fire station : आगजनी की घटनाओं पर जल्द काबू पाने के लिए नया टू-वे फायर स्टेशन स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है। बजट घोषणा के तहत एचएसआईआईडीसी इंडस्ट्रियल एस्टेट में रिफाइनरी के पास दमकल केंद्र बनाया जाएगा। इससे रिफाइनरी के साथ आसपास के 20 से अधिक बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स और
सैकड़ों औद्योगिक इकाइयों को सहायता मिलेगी।
दमकल विभाग और एचएसआईआईडीसी की संयुक्त टीम ने करीब 1.28 एकड़ जमीन चिह्नित की है। दमकल केंद्र के फायर स्टेशन ऑफिसर ने स्थल का तकनीकी निरीक्षण कर फिजिबिलिटी रिपोर्ट हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, पंचकूला के महानिदेशक को सौंप दी है।
दमकल की गाड़ी जाने में लगते हैं 20 से 25 मिनट
अभी रिफाइनरी क्षेत्र में हाली पार्क स्थित दमकल केंद्र से गाड़ियां भेजी जाती हैं। करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में 20 से 25 मिनट लग जाते हैं। कई बार दमकल गाड़ियों के पहुंचने तक आग विकराल रूप ले लेती है। ऐसे में आग पर काबू पाने के लिए रिफाइनरी, थर्मल और अन्य दमकल केंद्रों से भी गाड़ियां बुलानी पड़ती हैं। नया स्टेशन बनने से शुरुआती
चरण में आग पर काबू पाने और नुकसान कम करने में मदद मिलेगी। दमकल विभाग की टीम ने जमीन का भौतिक सत्यापन और तकनीकी निरीक्षण किया। रिपोर्ट के अनुसार, चिह्नित जमीन फायर स्टेशन के लिए उपयुक्त है। यहां से एचएसआईआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया, मुख्य मार्ग और आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचने के लिए बेहतर रास्ते उपलब्ध हैं।
भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू
एचएसआईआईडीसी व दमकल विभाग के बीच पत्राचार के बाद जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। फिजिबिलिटी रिपोर्ट उपायुक्त और एचएसआईआईडीसी के एस्टेट मैनेजर को भेजी गई है।
गाड़ी कम समय में मौके पर पहुंचेगी
जिला दमकल अधिकारी गुरमेल सिंह ने कहा कि नए फायर स्टेशन से औद्योगिक क्षेत्र और रिफाइनरी मार्ग पर आपातकालीन सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी। दमकल गाड़ियां कम समय में मौके पर पहुंच सकेंगी।
