logo

Haryana News : शाम 6 से 10 बजे के बीच सबसे अधिक सडक़ दुर्घटनाएं, अंकुश लगाने को विशेष अभियान चलाएँगें अधिकारी

प्रदेश के उपायुक्तों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए समीक्षा बैठक की।
 
सड़क दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान

Haryana News-VOP:  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उपायुक्तों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए समीक्षा बैठक की। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में सडक़ दुर्घटनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों से जानकारी ली कि किस जिले में सबसे अधिक और किस जिले में सबसे कम दुर्घटनाएं हुई हैं। मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं के कारणों पर गंभीरता से विचार करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि हादसों के पीछे तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना या अन्य लापरवाही जैसे कौन से कारण जिम्मेदार हैं। उन्होंने उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने तथा रोड मार्किंग और सडक़ों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए।
 

  उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद करते हुए बताया कि शाम 6 से रात 10 बजे तक का समय ऐसा है, जब जिले में अपेक्षाकृत अधिक सडक़ दुर्घटनाएं सामने आती हैं। इस समयावधि को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करने और रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने इस पर तत्काल संज्ञान लिया और सभी उपायुक्तों को इस पर कार्रवाई करने की निर्देश दिए।

 
उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि सडक़ दुर्घटनाओं को रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक दुर्घटना के पीछे के कारणों की पहचान कर उनका स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। जहां तेज रफ्तार हादसों का कारण बनती है, वहां गति नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम किए जाएं। जिन स्थानों पर सडक़ की खराब स्थिति, पर्याप्त रोशनी का अभाव, संकेतकों की कमी या गलत रोड मार्किंग दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, उन्हें प्राथमिकता से दुरुस्त किया जाए।

 

    उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे सडक़ पर निकलने वाला प्रत्येक व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुंच सके। किसी भी परिवार को सडक़ हादसे के कारण अपनों को खोने का असहनीय दर्द न झेलना पड़े, इसके लिए सभी संबंधित विभाग जिम्मेदारी और गंभीरता से काम करें। पुलिस और संबंधित विभाग संयुक्त रूप से संवेदनशील समय और दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखें तथा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें।
 

    मुख्यमंत्री ने उपायुक्त की ओर से शाम के समय अधिक दुर्घटनाएं होने के विषय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस दिशा में विशेष कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाया जाए। सभी जिलों के अधिकारी और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करें तथा रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
 

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण, निगम अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी सुरेश, आरटीओ डॉ. नीरज जिंदल, जीएम रोडवेज विक्रम कंबोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।