logo

पानीपत में 6 साल बाद सुलझी ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, 5 हजार के ईनामी 2 आरोपी पकड़े

 
पानीपत में 6 साल बाद सुलझी ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, 5 हजार के ईनामी 2 आरोपी पकड़े

Panipat crime : पानीपत जिले के गांव पुठर में शराब ठेके के सेल्समैन की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को करीब छह साल बाद बड़ी सफलता मिली है। सीआईए-2 की टीम ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान सोनीपत जिले के गांव गंगाना निवासी दीपक उर्फ भोला और झज्जर जिले के गांव ढंराणा निवासी हरकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी पर आईजीपी करनाल रेंज की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय विकास चहल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण के मार्गदर्शन में सीआईए-2 की टीम पुराने आपराधिक मामलों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर गांव कैथ शाहपुर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने छह साल पुराने इस हत्याकांड की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

दिसंबर 2020 में हुई थी वारदात
पुलिस के अनुसार, गांव सिवाह निवासी राजकुमार कादियान ने गांव पुठर में शराब का ठेका संचालित किया हुआ था। इस ठेके पर उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गांव लोनार निवासी गोपाल शर्मा सेल्समैन के तौर पर काम करता था। दिसंबर 2020 की रात शिकायतकर्ता को सूचना मिली कि गांव पुठर स्थित शराब के ठेके के पास गली में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गोपाल शर्मा को गोली मार दी है।

सूचना मिलते ही राजकुमार मौके पर पहुंचे तो गोपाल शर्मा की गोली लगने से मौत हो चुकी थी। इसके बाद शिकायत के आधार पर थाना इसराना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस तभी से मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

दोनों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दीपक उर्फ भोला का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, जानलेवा हमला, लड़ाई-झगड़े और आर्म्स एक्ट सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी हरकेश के खिलाफ भी हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत विभिन्न मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और वारदात में उनकी भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी। साथ ही बरामद हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जाएगी।