नशे के संदिग्ध ठिकानों पर डॉग स्क्वाड के साथ रेड, 6.11 ग्राम हेरोइन के साथ एक काबू
Panipat news : पानीपत जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को एवीटी सेल की दो अलग-अलग टीमों ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एक टीम ने डॉग स्क्वाड की मदद से गांव राक्सेहड़ा में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया, जबकि दूसरी टीम ने समालखा में कार्रवाई करते हुए 6.11 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया।
एवीटी सेल प्रभारी सुमित के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण के निर्देश पर नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस की एक टीम डॉग स्क्वाड को साथ लेकर गांव राक्सेहड़ा पहुंची। यहां पहले से चिन्हित संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, इस दौरान पुलिस को मौके से कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
वहीं, एवीटी सेल की दूसरी टीम ने नया बस अड्डा समालखा के पास एक युवक को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान मोनू निवासी समालखा के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान एवीटी सेल की टीम आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाएगी।
एवीटी सेल प्रभारी ने बताया कि जिले में नशा बेचने और तस्करी करने वालों पर पुलिस की नजर है। संदिग्ध ठिकानों पर औचक छापेमारी और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की बिक्री या तस्करी में संलिप्त है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
