logo

पानीपत में 50 हजार के विवाद में की थी हत्या, 4 माह से फरार आरोपी काबू 

 
पानीपत में 50 हजार के विवाद में की थी हत्या, 4 माह से फरार आरोपी काबू 

Panipat crime news : हरियाणा के पानीपत में 50 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में हत्या के मामले में पुलिस ने चार महीने से फरार चल रहे सातवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वीवर्स कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। पुलिस ने उसे गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पहले से भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रणजीत कुमार पुत्र सुरेंद्र यादव निवासी गांव पड़रावा, पोस्ट भीमपुर मझियावा, थाना कोंच, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है। वह फिलहाल पानीपत की वीवर्स कॉलोनी में किराये पर रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण के मार्गदर्शन में थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र की टीम ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी पीएसआई अरविंद की टीम को आरोपी के ठिकाने के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर रणजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी हत्या के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

50 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद

यह मामला हरिनगर, कच्चा काबड़ी फाटक निवासी मधु की शिकायत पर दर्ज किया गया था। मधु ने पुलिस को बताया था कि 50 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपियों ने मिलकर उसके पति सूरज की हत्या कर दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अजीत, रणजीत, सूरज, मुकेश, प्रिंस, राजा, कुंदन और धर्मेंद्र सहित आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब सातवें आरोपी रणजीत कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे भी जेल भेज दिया है।