क्या बदलेंगें 2027 में चेकबुक के नियम ? RBI ने बताया पूरा सच
RBI Chequebook : सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से बैंकिंग नियमों को लेकर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि 1 जनवरी 2027 से देशभर में चेकबुक के नियम बदलने जा रहे हैं। वायरल मैसेज के मुताबिक, 31 दिसंबर 2026 के बाद बैंकों की ओर से जारी मौजूदा चेकबुक बंद हो जाएंगी और उनकी जगह नए सुरक्षा फीचर्स वाली चेकबुक इस्तेमाल करनी होगी।
हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस दावे को पूरी तरह गलत और भ्रामक करार दिया है। भारतीय रिजर्व बैंक ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल चेक ट्रंकेशन सिस्टम (CTS) के तहत इस्तेमाल की जा रही चेकबुक में किसी तरह का बदलाव करने का फैसला नहीं लिया गया है। केंद्रीय बैंक ने यह भी साफ कर दिया है कि 1 जनवरी 2027 से नई चेकबुक लागू करने या पुरानी चेकबुक बंद करने को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।
इसका मतलब है कि बैंक ग्राहकों को अपनी मौजूदा चेकबुक बदलवाने की जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया पर फैल रही जानकारी के आधार पर बैंक जाकर नई चेकबुक के लिए आवेदन करने की भी आवश्यकता नहीं है।
31 दिसंबर के बाद पुरानी चेकबुक बंद होने का दावा फर्जी
वायरल संदेश में कहा जा रहा था कि मौजूदा CTS चेकबुक की वैधता 31 दिसंबर 2026 तक ही रहेगी। इसके बाद बैंकों को नए सुरक्षा मानकों वाली चेकबुक जारी करनी होंगी। इस दावे ने बैंक ग्राहकों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर दी थी। RBI ने इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि ऐसा कोई बदलाव प्रस्तावित या घोषित नहीं किया गया है। मौजूदा चेकबुक को लेकर ग्राहकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
RBI ने X पर जारी किया स्पष्टीकरण
केंद्रीय बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक बयान जारी कर वायरल मैसेज को तथ्यहीन बताया। RBI के मुताबिक, उसके संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर वर्तमान CTS चेकबुक को 31 दिसंबर 2026 से बदलने और 1 जनवरी 2027 से नए सुरक्षा फीचर्स वाली चेकबुक लागू होने का दावा किया जा रहा है।
बैंक ने साफ कहा कि वह फिलहाल CTS चेकबुक के संबंध में ऐसा कोई कदम नहीं उठा रहा है। साथ ही आम जनता से अपील की है कि बैंकिंग नियमों से जुड़ी किसी भी खबर पर विश्वास करने से पहले RBI की आधिकारिक वेबसाइट और सूचनाओं से उसकी पुष्टि जरूर करें।
बैंक ग्राहकों के लिए क्या है जरूरी बात?
RBI के स्पष्टीकरण के बाद यह साफ हो गया है कि 1 जनवरी 2027 से चेकबुक बदलने का कोई नया नियम लागू नहीं होने जा रहा। ग्राहकों की मौजूदा CTS चेकबुक पहले की तरह इस्तेमाल की जा सकती है। इसलिए किसी वायरल मैसेज के झांसे में आकर नई चेकबुक बनवाने या पुरानी चेकबुक को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
