logo

हरियाणा रोडवेज की गंगादर्शन एक्सप्रेस बस से करें हरिद्वार यात्रा, किराया और पूरा रूट जानिए

 
हरियाणा रोडवेज की गंगादर्शन एक्सप्रेस बस से करें हरिद्वार यात्रा, किराया और पूरा रूट जानिए

Haryana roadways Haridwar bus : हरियाणा रोडवेज द्वारा हरिद्वार के लिए रात्रिकालीन सीधी रोडवेज बस सर्विस चलाई जा रही है। 'गंगादर्शन' नाम से चलने वाली यह बस बल्लभगढ़, फरीदाबाद और दिल्ली से होते हुए सीधे हरिद्वार पहुंचती है। खास बात यह है कि रात के समय इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह एकमात्र बस सेवा बताई जा रही है।

फरीदाबाद डिपो की यह बस बल्लभगढ़ से रात 7:50 बजे रवाना होती है। इसके बाद रात 8:15 बजे फरीदाबाद एनआईटी पहुंचती है और रात 9 बजे दिल्ली के सराय काले खां के बाहर से हरिद्वार के लिए रवाना होती है।

बस का रूट फरीदाबाद, दिल्ली, मेरठ के मोदीपुरम, मुजफ्फरनगर के वहलना चौक और रामपुर तिराहा तथा मंगलौर होते हुए हरिद्वार तक निर्धारित है। यह बस रात करीब 1 बजे तक हरिद्वार पहुंच जाती है।

वापसी में हरियाणा रोडवेज की यह बस सुबह 7:30 बजे हरिद्वार से चलती है। इसके बाद दिल्ली सुबह 11:15 बजे पहुंचती है और दोपहर करीब 12:30 बजे तक बल्लभगढ़ पहुंच जाती है। इस तरह यात्री रात में हरिद्वार पहुंचकर सुबह वापसी की यात्रा भी कर सकते हैं।

इतना देना होगा बस का किराया
इस रूट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए किराया भी निर्धारित है। बल्लभगढ़ से हरिद्वार तक का किराया लगभग 385 रुपये है, जबकि दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को करीब 350 रुपये किराया देना होगा।

फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए यह रात्रिकालीन बस सेवा सुविधाजनक विकल्प है। खासकर धार्मिक यात्रा और निजी कार्यों से हरिद्वार जाने वाले लोगों को रात में सीधी बस मिलने से काफी सहूलियत मिलती है।