logo

Railway news : 1 जनवरी 2027 से  17 ट्रेनों का सफर होगा सस्ता, सुपरफास्ट श्रेणी से बाहर होंगी

 
Railway news  1 जनवरी 2027 से  17 ट्रेनों का सफर होगा सस्ता, सुपरफास्ट श्रेणी से बाहर होंगी

Railway news : रेलवे ने नई साल में 1 जनवरी 2027 से कई ट्रेनों के दर्जे और नंबर में बदलाव करने का निर्णय लिया है। पूर्णागिरि जनशताब्दी, नैनी जनशताब्दी, सप्तक्रांति और श्रमजीवी एक्सप्रेस सहित 17 ट्रेनों को सुपरफास्ट के बजाय सामान्य एक्सप्रेस श्रेणी में चलाया जाएगा। इस बदलाव के बाद यात्रियों को सुपरफास्ट अधिभार नहीं देना पड़ेगा, जिससे टिकट का किराया कम हो जाएगा।

सुपरफास्ट ट्रेनों में सामान्य किराए के अतिरिक्त अधिभार लिया जाता है। स्लीपर श्रेणी में यह 30 रुपये, जबकि एसी चेयरकार, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी और सेकंड एसी में 45 रुपये है। फर्स्ट एसी और एक्जीक्यूटिव क्लास के यात्रियों से 75 रुपये अधिभार वसूला जाता है।

सामान्य एक्सप्रेस श्रेणी में बदलाव होने पर यात्रियों को इस अतिरिक्त शुल्क से राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेनों की समयबद्धता और परिचालन स्थिति की समीक्षा नियमित रूप से की जाती है। ठहराव बढ़ने, मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने या अन्य परिचालन कारणों से कुछ ट्रेनें निर्धारित गति और समय के मानकों पर खरी नहीं उतर पातीं।

ऐसे में ट्रेन के दर्जे और नंबर में बदलाव किया जाता है। इस फैसले के तहत टनकपुर-पुरानी दिल्ली पूर्णागिरि जनशताब्दी का नंबर 12035 से बदलकर 15317 और वापसी में 12036 से 15318 होगा। देहरादून-काठगोदाम नैनी जनशताब्दी 12091/12092 के स्थान पर 15315/15316 नंबर से चलेगी।

मुरादाबाद-रामनगर कार्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस के नंबर 25013/25014 बदलकर 15313/15314 किए जाएंगे, जबकि मुरादाबाद-रामनगर लिंक एक्सप्रेस 25035/25036 के बजाय 15335/15336 नंबर से संचालित होगी।

इसी तरह इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस के नंबर 20801/20802 की जगह 18633/18634 होंगे। दरभंगा-जालंधर सिटी अंत्योदय एक्सप्रेस 22551/22552 के स्थान पर 15541/15542 नंबर से चलेगी। पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के नंबर 22355/22356 बदलकर 13255/13256 किए जाएंगे।

मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल सप्तक्रांति एक्सप्रेस 12557/12558 के बजाय 15577/15578 नंबर से चलेगी। वहीं राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस के नंबर 12391/12392 बदलकर 13291/13292 किए जाएंगे।