logo

4 गांवों के लोगों की बल्ले-बल्ले, 337 एकड़ में बसेगा नया शहर, जमीन का अधिग्रहण

 
4 गांवों के लोगों की बल्ले-बल्ले, 337 एकड़ में बसेगा नया शहर, जमीन का अधिग्रहण

New City : मोहाली के न्यू चंडीगढ़ क्षेत्र में रिहायशी विकास को नई दिशा देने वाली ईको सिटी-4 परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने इस परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत प्रभावित जमीन मालिकों और परिवारों की आपत्तियां, सुझाव और पुनर्वास से जुड़े मुद्दे सुनने के लिए 16 दिसंबर को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।

ईको सिटी-4 परियोजना के लिए चार गांवों बूथगढ़, करतारपुर, राजगढ़ और कंसाला की जमीन अधिग्रहित करने का प्रस्ताव है। शुरुआती प्रक्रिया में कंसाला और बूथगढ़ गांव की जमीन को लेकर अलग-अलग सार्वजनिक सुनवाई के नोटिस जारी किए गए हैं। इन दोनों गांवों में कुल 337.87 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहण के दायरे में प्रस्तावित है।

कंसाला और बूथगढ़ में अलग-अलग होगी सुनवाई
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 16 दिसंबर को सुबह 11:30 बजे कंसाला गांव के गुरुद्वारा साहिब में जनसुनवाई होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे बूथगढ़ गांव के गुरुद्वारा साहिब में प्रभावित जमीन मालिकों की बात सुनी जाएगी।

कंसाला गांव की 182.9563 एकड़ और बूथगढ़ गांव की 154.9167 एकड़ जमीन अधिग्रहण के प्रस्ताव में शामिल है। जनसुनवाई के दौरान जमीन मालिक अपनी आपत्तियां, सुझाव और अन्य संबंधित पक्ष रख सकेंगे। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण के कारण प्रभावित होने वाले परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।

2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत होगी प्रक्रिया
यह जनसुनवाई भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन में उचित मुआवजे और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 16(5) के तहत आयोजित की जा रही है। सुनवाई अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल)-कम-प्रशासक, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर), मोहाली की ओर से की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य प्रभावित परिवारों के पक्ष और पुनर्वास से जुड़े पहलुओं को सुनना है, ताकि जमीन अधिग्रहण की आगे की प्रक्रिया निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुसार पूरी की जा सके।

चार गांवों में विकसित होगी ईको सिटी-4
न्यू चंडीगढ़ के मास्टर प्लान में ईको सिटी-4 के लिए बूथगढ़, करतारपुर, राजगढ़ और कंसाला गांवों को शामिल किया गया है। इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र में नए रिहायशी विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। फिलहाल जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरुआती चरण में है और जनसुनवाई के बाद ही इससे जुड़ी अगली कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई आगे बढ़ेगी।