जींद से होकर गुजरेगी फाजिल्का-दिल्ली ट्रेन, रेलवे ने मांगी रिपोर्ट
Railway news : फाजिल्का से नई दिल्ली के बीच चलने वाली ट्रेन के प्रस्तावित रूट में जाखल, नरवाना, जींद और रोहतक को शामिल किए जाने के लिए रेलवे ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर रेलवे के दिल्ली और अंबाला मंडल को इस ट्रेन के संचालन की संभावनाओं और समय-सारणी पर काम करने के लिए कहा गया है।
प्रस्तावित रूट में जाखल, नरवाना, जींद और रोहतक को शामिल किए जाने से जिले के यात्रियों को भी इसका फायदा मिल सकता है। हालांकि अभी ट्रेन के संचालन की अंतिम मंजूरी और समय-सारणी तय नहीं हुई है। पत्र के अनुसार, रेलवे बोर्ड ने फाजिल्का से नई दिल्ली के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू करने के संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है।
इसके लिए फाजिल्का से नई दिल्ली के बीच मुक्तसर, कोटकपूरा, बठिंडा और आगे के निर्धारित रेल मार्ग से होते हुए ट्रेन संचालन की व्यवहारिकता जांचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित मंडलों को ट्रेन के समय, ठहराव और परिचालन व्यवस्था का आकलन करके अपनी रिपोर्ट भेजनी है।
ट्रेन संख्या 14614-13 फिरोजपुर-साहनेवाल को जाखल-जींद मार्ग से फाजिल्का तक विस्तारित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा गया है। इसके बाद प्रस्ताव को आगे की मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड के समक्ष रखा जाना है।
रेलवे जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक जेएस कुंडू ने कहा कि उनके पास अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई पत्र नहीं आया है। यदि फाजिल्का और दिल्ली के बीच कोई ट्रेन शुरू होगी, तो स्वभाविक है, जिला वासियों को फायदा मिलेगा।
