हरियाणा-दिल्ली से नेपाल बॉर्डर तक सीधी रोडवेज बस सेवा, देखें टाइमटेबल
Haryana roadways : हरियाणा रोडवेज ने यात्रियों की सुविधा के लिए नेपाल बॉर्डर तक सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू की है। इससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। रोडवेज प्रबंधन ने गुरुग्राम से उत्तराखंड के टनकपुर तक सीधी बस सेवा शुरू की है। नेपाल बॉर्डर के नजदीक स्थित टनकपुर तक जाने वाली इस बस को नेपाल बॉर्डर एक्सप्रेस नाम दिया गया है।
यह बस गुरुग्राम से दिल्ली, गढ़गंगा, रामपुर, मुरादाबाद, नानकमत्ता, खटीमा और बनबसा होते हुए टनकपुर पहुंचेगी। बस गुरुग्राम से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी, जबकि दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से सुबह 11:30 बजे इसका प्रस्थान होगा।
आनंद विहार में यात्रियों के लिए काउंटर नंबर 130 निर्धारित किया गया है। इसके बाद बस रुद्रपुर पहुंचेगी, जहां से शाम 3:40 बजे टनकपुर के लिए रवाना होगी। बस के शाम 6:40 बजे तक टनकपुर पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है।
वापसी में टनकपुर से बस सुबह 9:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद दोपहर 11:30 बजे रुद्रपुर और 12 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। यहां से विभिन्न निर्धारित पड़ावों से होते हुए बस गुरुग्राम के लिए रवाना होगी और शाम 6:30 बजे तक गुरुग्राम पहुंचने का समय निर्धारित है।
फिलहाल गुरुग्राम डिपो की इस बस का संचालन चालक सोमवीर सिंह पायलट कर रहे हैं। इस बस सेवा से गुरुग्राम, दिल्ली और रास्ते में पड़ने वाले कई शहरों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। हरियाणा रोडवेज की इस सीधी बस सेवा से उत्तराखंड के टनकपुर, खटीमा, बनबसा और नानकमत्ता जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। खासकर नेपाल सीमा के नजदीक जाने वाले यात्रियों को अब अलग-अलग बसें बदलने की जरूरत कम होगी।
