logo

रेलवे का बड़ा बदलाव : रिजर्वेशन काउंटर से टिकट लेने पर 10 लाख तक का बीमा, मात्र 45 पैसे में

 
रेलवे का बड़ा बदलाव  रिजर्वेशन काउंटर से टिकट लेने पर 10 लाख तक का बीमा, मात्र 45 पैसे में

Railway news : रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल यात्रा बीमा योजना का दायरा बढ़ा दिया है। अब रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर (PRS) से टिकट बुक कराने वाले यात्री भी 10 लाख रुपए तक के बीमा का लाभ ले सकेंगे। इसके लिए यात्रियों को प्रति टिकट मात्र 45 पैसे का भुगतान करना होगा। 

हालांकि, बीमा सुविधा लेना पूरी तरह यात्री की इच्छा पर निर्भर करेगा। यात्री चाहें तो स्पष्ट रूप से इस सुविधा को लेने से मना भी कर सकते हैं। अब तक यह बीमा सुविधा मुख्य रूप से ऑनलाइन ई-टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को ही उपलब्ध थी। रेलवे ने अब इसे आरक्षण काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों के लिए भी लागू कर दिया है। इस संबंध में बीकानेर मंडल के सभी आरक्षण केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

टिकट बुक करते समय कर्मचारी देंगे जानकारी

रेलवे की ओर से आरक्षण काउंटर पर टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को बीमा योजना के बारे में जानकारी दी जाएगी। टिकट बुकिंग के दौरान कर्मचारी यात्री से पूछेंगे कि वह 45 पैसे प्रति टिकट देकर बीमा सुविधा लेना चाहता है या नहीं। जो यात्री इस सुविधा का लाभ लेना चाहेंगे, उनकी सहमति के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, बीमा नहीं लेने के इच्छुक यात्री स्पष्ट रूप से मना कर सकेंगे।

रेल दुर्घटना में मिलेगा आर्थिक सुरक्षा कवच

इस योजना का उद्देश्य रेल दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों और उनके परिजनों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। बीमा के तहत दुर्घटना में मृत्यु होने पर अधिकतम 10 लाख रुपए तक का लाभ मिल सकता है। इसके अलावा दुर्घटना में स्थायी पूर्ण विकलांगता, आंशिक विकलांगता और घायल होने की स्थिति में भी निर्धारित नियमों के अनुसार बीमा राशि दी जाती है।

बीकानेर मंडल में लागू हुई सुविधा

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र के निर्देश पर बीकानेर मंडल के सभी आरक्षण केंद्रों पर इस सुविधा को लागू करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मंडल के अधिकारियों को टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों की सहमति और असहमति को सही तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीकानेर मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुदर्शन के अनुसार, अब आरक्षण काउंटर से टिकट लेने वाले यात्री भी अपनी इच्छा से इस बीमा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।