logo

नेशनल हाईवे पर तीसरी आंख का पहरा, हर किमी पर AI कैमरे, नियम तोड़ा तो तुरंत होगी पहचान

 
नेशनल हाईवे पर तीसरी आंख का पहरा, हर किमी पर AI कैमरे, नियम तोड़ा तो तुरंत होगी पहचान

AI Camera on NH : नेशनल हाईवे पर नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ अब NHAI ने सख्ती कर दी है और AI कैमरो का उपयोग करना शुरू कर दिया है। ये AI कैमरे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की तुरंत पहचान करेंगे। 

सबसे पहले यह प्रयोग दिल्ली से आगरा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए किया गया है। इस  हाईवे पर होने वाली दुर्घटनाओं, यातायात नियमों की अनदेखी और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) आधुनिक तकनीक का सहारा ले रहा है।

इसके तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरों का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद हाईवे पर गुजरने वाले वाहनों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

इस परियोजना के तहत हरियाणा में गदपुरी से होडल तक लगभग 45 किलोमीटर लंबे हिस्से को निगरानी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। इस पूरे मार्ग पर करीब 45 हाईटेक कैमरे लगाए जाने की योजना है। इनमें से मितरोल, औरंगाबाद और बामनीखेड़ा में कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है। बाकी स्थानों पर भी इंस्टॉलेशन और तकनीकी तैयारियां की जा रही हैं।

360 डिग्री कैमरों की नजर में रहेगा पूरा हाईवे

इस परियोजना की खास बात यह है कि कैमरे सामान्य सीसीटीवी की तरह केवल एक दिशा में नहीं, बल्कि 360 डिग्री तक निगरानी करने में सक्षम होंगे। इन्हें लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थापित किया जाएगा। इनकी मदद से हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही पर नजर रखी जा सकेगी। आधुनिक कैमरों में रात और घने कोहरे के दौरान भी रिकॉर्डिंग करने की क्षमता होगी।

इसके अलावा हर 10 किलोमीटर पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट को स्वत: पढ़ सकेंगे। इससे तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाने और लेन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

करमन टोल प्लाजा से होगा पूरे नेटवर्क का संचालन

इस पूरी व्यवस्था का मुख्य केंद्र हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित करमन टोल प्लाजा होगा। यहां एक आधुनिक कंट्रोल रूम तैयार किया जाएगा, जहां से हाईवे की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। कैमरों से मिलने वाली लाइव जानकारी के आधार पर यातायात की स्थिति का आकलन किया जा सकेगा।

किसी वाहन के खराब होने, सड़क पर जाम लगने या दुर्घटना होने की स्थिति में कंट्रोल रूम को तत्काल जानकारी मिल सकेगी। इसके बाद संबंधित टीमों को मौके पर भेजने में आसानी होगी। पुलिस, एंबुलेंस और क्रेन जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी घटनास्थल तक जल्दी पहुंचाने में मदद मिलेगी।

हादसों और जाम से निपटने में मिलेगी मदद
NHAI की इस पहल का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन करवाना नहीं, बल्कि हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना भी है। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाले वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने में भी यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है। परियोजना निदेशक धीरज सिंह के अनुसार, कैमरे लगाने के साथ उनकी टेस्टिंग और अन्य तकनीकी कार्य पूरे किए जाएंगे। इसके बाद निगरानी व्यवस्था शुरू की जाएगी।