जिला स्तर पर ही करवाएं आधार कार्ड में अपडेट, घर बैठे ले सकते हैँ सहायता
आधार कार्ड में अपडेट के लिए अब लोगों को चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। क्योंकि जिला स्तर पर ही आधार से जुड़े कार्य करवाए जा सकते हैं। ऐसे में लोगों को आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं सरल, त्वरित और सुचारू रूप से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टोलफ्री नंबर पर कॉल कर घर बैठे भी सहायता ली जा सकती है।
जींद की जिला उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने जिले वासियों से आह्वान किया है कि वे आधार बनवाने, उसमें किसी भी प्रकार का अपडेट करवाने या अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के आधिकारिक माध्यमों और स्थानीय आधार सेवा केंद्र का अधिकतम लाभ उठाएं।
उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि यू आई डी ए आई के क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के निर्देशानुसार आमजन की सुविधा के लिए सभी महत्वपूर्ण संपर्क सूत्रों और व्यवस्थाओं को सार्वजनिक किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला में नागरिकों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ त्वरित सेवा देने के लिए समर्पित आधार सेवा केंद्र (एएसके ) कार्यरत है। यह केंद्र एससीओ 191, डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर, नजदीक एलआईसी ऑफिस एवं जिला न्यायालय में स्थित है, जहां नागरिक सुगमता से अपना आधार अपडेट करवा सकते हैं।
चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय जाने से पूर्व लें ऑनलाइन टोकन
उपायुक्त ने बताया कि यदि किसी नागरिक को जटिल आधार समस्या के समाधान या विशेष सेवाओं के लिए यू आई डी ए आई के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ जाने की आवश्यकता पड़ती है, तो वहां जाने से पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट टोकन लेना अनिवार्य है। इस टोकन प्रबंधन प्रणाली का उद्देश्य कार्यालय में अनावश्यक प्रतीक्षा समय को कम करना और कार्यों का व्यवस्थित निपटान सुनिश्चित करना है। नागरिक घर बैठे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना फ्री अपॉइंटमेंट टोकन जनरेट कर सकते हैं।
घर बैठे सहायता के लिए आधिकारिक संपर्क सूत्र
डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि आधार से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन या शिकायत दर्ज करवाने के लिए नागरिक कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय घर बैठे ही यू आई डी ए आई के आधिकारिक हेल्पडेस्क के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल कर सकते हैं।
