logo

देश के इस राज्य में 250 करोड़ के निवेश का रास्ता साफ, युवाओं को मिलेगा रोजगार

 
देश के इस राज्य में 250 करोड़ के निवेश का रास्ता साफ, युवाओं को मिलेगा रोजगार

देश में लगातार औद्योगिक विकास गति पकड़ रहा है। कई राज्यों में सरकार उद्योगों को आकर्षित करने के लिए विशेष छूट व सुविधाएं भी दे रही हैं। ऐसे में अब देशी व विदेशी कंपनियां यहां निवेश कर रही हैं। इससे जहां इन राज्यों को अपनी विशेष औद्योगिक पहचान मिलेगी, वहीं युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।

इसी कड़ी में अब बिहार राज्य में औद्योगिक विकास को गति मिलने जा रही है। क्योंकि गयाजी की खाद्य उत्पाद निर्माता कंपनी प्रमोद मल्टीफूड प्राइवेट लिमिटेड ने बड़ी पहल करते हुए 250 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बनाई है। इसको लेकर पटना में खास समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए हैं। यह एमओयू बिहार सरकार के उद्योग विभाग के साथ कंपनी द्वारा किया गया है।
बिहार में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए अलग-अलग शहरों में विशेष औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किए जा रहे हैं। राज्य में 250 करोड़ रुपये निवेश पर हुए समझौता ज्ञापन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा औद्योगिक विकास के लिए अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। ऐसे में प्रमोद मल्टीफूड द्वारा इसी कॉरिडोर में अपना नया प्लांट लगाने की तैयारी की जा रही है। यह प्लांट अत्याधुनिक होगा। यहां पर खाद्य प्रसंस्करण एवं उत्पाद निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी।

25 एकड़ में बनेगी फैक्टरी
प्रमोद मल्टीफूड द्वारा बिहार में करीब 25 एकड़ जमीन में अपनी नई फैक्टरी लगाई जाएगी। इस फैक्टरी में मसाले, नमकीन के साथ बेकरी और मिठाइयां तैयार करने की योजना है। गौरतलब है कि इस कंपनी की शुरूआत गयाजी से हुई थी। 

हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
इस फैक्टरी के शुरू होने से क्षेत्र में हजारों लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। क्योंकि प्रमोद मल्टीफूड के उत्पाद कई राज्यों तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में इनकी मांग बढ़ने के साथ ही उत्पादन भी बढ़ाया जा रहा है। निर्माण कार्य के साथ लॉजिस्टिक व आपूर्ति जैसे कार्य भी शुरू हाेंगे। जिससे रोजगार में वृद्धि होगी।