खाटूश्यामजी जाने का बना रहे हैं प्लान? 19 नवंबर से इस रास्ते पर वाहनों की नो एंट्री
Khatu Shyam Ji Traffic Route : राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में देवउठनी एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। उपखंड मजिस्ट्रेट रींगस की ओर से जारी आदेश के अनुसार 19 नवंबर से खाटूश्यामजी जाने वाले एक प्रमुख मार्ग को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है।
यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लागू की जाएगी। कार्यालय उपखंड मजिस्ट्रेट रींगस की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को है। इस अवसर पर खाटूश्यामजी मंदिर में बड़ी संख्या में पैदल श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए 19 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से 21 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे तक रींगस से खाटूश्यामजी जाने वाले रींगस-लाखनी-लांपुवा-चौमू पुरोहितान-खाटूश्यामजी सड़क मार्ग (SH-113) पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
इस वैकल्पिक मार्ग से जा सकेंगे वाहन
प्रशासन ने खाटूश्यामजी जाने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्ते की भी व्यवस्था की है। जारी आदेश के अनुसार रींगस-बावड़ी-ठिकरिया-शाहपुरा मोड़-52 बीघा पार्किंग (NH-52) का रास्ता पूर्ववत चालू रहेगा। इस मार्ग से वाहन चालक खाटूश्यामजी की ओर जा सकेंगे।
अधिकारियों को दिए गए जरूरी निर्देश
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रींगस को चिह्नित स्थानों पर बैरिकेडिंग करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को आदेश की पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
