भाजपा संगठन में नई जान फूंकने की तैयारी में नई प्रभारी, हरियाणा में रहेगा विशेष प्रवास
भारतीय जनता पार्टी के संगठन को नई धार देने के लिए भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद कर रही हैं। इसके लिए स्मृति ईरानी हरियाणा में 3 दिन तक प्रवास करने वाली हैं। इस दौरान रोहतक, झज्जर और जींद जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंथन करेंगी।
स्मृति ईरानी का यह प्रवास 4 से 6 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश सह-प्रभारी डा. भोला सिंह भी साथ रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय नेता प्रदेश प्रभारी डॉ. अर्चना गुप्ता के साथ-साथ अन्य नेताओं से भी संगठन की रिपोर्ट लेंगे।
स्मृति ईरान के इस दौरे में रोहतक, झज्जर और जींद जिलों में संगठनात्मक बैठक करते हुए संगठन को मजबूत करने की योजना बनेगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि इन बैठाकों में जिला स्तर के नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक से संवाद करते हुए संगठन की नब्ज टटोली जाएगी।
जींद से होगी शुरूआत
पार्टी नेताओं के अनुसार इस दौरे की शुरूआत जींद जिला से की जाएगी। यह दौरा 4 दिसंबर को होने वाला है। इसके लिए जिला स्तर पर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। इस दौरान हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी जहां पार्टी के नेताओं से संगठन की जानकारी लेंगी, वहीं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक लिया जाएगा।
5 दिसंबर को रोहतक में
इसके बाद अगले दिन यानी 5 दिसंबर को स्मृति ईरानी का कार्यक्रम रोहतक रहेगा। यहां पर सबसे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जाएगी। इसके बाद जिला पदाधिकारियों, कार्यालय सचिवों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चों के अध्यक्षों, पूर्व पदाधिकारियों और पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग कर संगठन की स्थिति जानेंगी। इसके बाद अगले दिन झज्जर जिला में पार्टी संगठन को लेकर विस्तृत बैठक होनी है।
