किसानों ने ये काम नहीं करवाया तो अटकेगा पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा
Farmer ID : केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि जारी की गई है। काफी किसानों की निधि का पैसा रूक गया है तो वहीं अगर किसानों ने फार्मर आईडी नहीं बनवाई तो उनकी आगामी किस्त का पैसा रूक जाएगा। ऐसे किसानों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है, क्योंकि फार्मर आईडी को अनिवार्य कर दिया गया है।
इसके मद्देनजर कृषि विभाग ने किसानों के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। विभाग की ओर से ऐसे किसानों से संपर्क किया जा रहा है, जिनकी फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है। किसानों को जल्द से जल्द पंजीकरण करवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
दर असल, सरकार कृषि क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर रही है। इसके तहत प्रत्येक किसान की अलग फार्मर आईडी बनाई जा रही है। इस आईडी में किसान की पहचान, जमीन से संबंधित रिकॉर्ड और कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारियां डिजिटल रूप में दर्ज रहेंगी।
किसान इन दो तरीकों बनवा सकते हैं अपनी फार्मर आईडी
खंड कृषि अधिकारी डॉ. रुपेश श्योरान ने बताया कि किसान अपनी फार्मर आईडी को दो तरह से बनवा सकते हैं। पहला तरीका है किसान एप्रीस्टेक हरियाणा की वेबसाइट पर सेल्फ के ऑप्शन पर लॉग इन करके किसान इस प्रक्रिया को पूरा करके अपनी आईडी बना सकता है। दूसरा तरीका डिपार्टमेंटल प्रक्रिया का है। जिसमें कृषि विभाग के कर्मचारी पूरा करेंगे।
उन्होंने बताया कि सेल्फ रजिस्ट्रेशन में किसान आधार कार्ड बेस ओटीपी लेकर रजिस्टर्ड नंबर से फार्मर आईडी बना सकते हैं। इसके बाद पोर्टल पर दिए गए ऑप्शन को सिलेक्ट करते हुए किसान को अपनी जमीन का किला नंबर या खेवट नंबर डालना होगा। इसके लिए किसान के पास उसका आधार कार्ड, आधार कार्ड से रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
आईडी में होगा किसान व जमीन का रिकॉर्ड
फार्मर आईडी किसान की एक डिजिटल पहचान होगी । इसके माध्यम से किसान की व्यक्तिगत जानकारी और उसके नाम पर दर्ज कृषि भूमि का रिकॉर्ड जोड़ा जाएगा। इससे बार-बार अलग-अलग योजनाओं के लिए दस्तावेज जमा करवाने की प्रक्रिया भी आसान हो सकती है।
विभागीय स्तर पर किसानों को समझाया जा रहा है कि वे अपनी जमीन के रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों के आधार पर फार्मर आईडी बनवाएं। यदि जमीन के रिकॉर्ड में किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसे भी समय रहते ठीक करवाएं।
विभाग के कर्मचारियों की टीम फील्ड में उतरी हुई है। किसानों को जागरूक किया जा रहा है। किसान नजदीकी सीएससी सेंटर पर अपनी फार्मर आईडी जनरेट करवा सकते हैं। किसान अपने एंड्रॉयड फोन सभी एग्री स्टेक पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। यह आधार कार्ड ओटीपी बेस प्रक्रिया है। सरकार की यह एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के अनेक लाभ हैं, जो किसानों के लिए फायदेमंद हैं।
