दिल्ली मेट्रो का नया तोहफा! जनवरी में खुलेंगे 6 स्टेशन, नोएडा से गुरुग्राम तक सफर आसान
Delhi Metro update : दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए नए साल की शुरुआत बड़ी राहत लेकर आ सकती है। दिल्ली मेट्रो की मैजेंटा लाइन के विस्तार का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से पुष्पांजलि के बीच करीब 6 किलोमीटर लंबे नए सेक्शन पर जल्द ट्रायल शुरू होने की संभावना है।
सब कुछ तय समय के अनुसार रहा तो जनवरी 2027 तक इस हिस्से को यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही पश्चिमी दिल्ली के छह नए इलाके सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की फेज-4 परियोजना के तहत तैयार हो रहा यह हिस्सा पश्चिमी दिल्ली के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अभी तक इस क्षेत्र के कई इलाकों से दक्षिण दिल्ली, नोएडा और एयरपोर्ट की तरफ जाने के लिए यात्रियों को दूसरे साधनों या लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। नया सेक्शन शुरू होने के बाद लोगों को मेट्रो के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और सड़क यातायात पर भी दबाव कम होने की उम्मीद है।
ये छह नए स्टेशन यात्रियों के लिए खुलेंगे
मैजेंटा लाइन के इस विस्तार में छह स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें केशोपुर, पश्चिम विहार, पीरागढ़ी, मंगोलपुरी, वेस्ट एन्क्लेव और पुष्पांजलि शामिल हैं। इन सभी स्टेशनों का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल सिग्नलिंग, बिजली से जुड़े उपकरणों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं का काम अंतिम चरण में बताया जा रहा है।
इनमें पीरागढ़ी स्टेशन यात्रियों के लिए खास उपयोगी साबित हो सकता है। यहां करीब 160 मीटर लंबा फुट ओवरब्रिज बनाया गया है, जिसके जरिए ग्रीन लाइन के पीरागढ़ी स्टेशन तक पहुंचना आसान होगा। वहीं मंगोलपुरी स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए तीन प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं।
चार प्रमुख मेट्रो लाइनों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
नए सेक्शन के चालू होने से मैजेंटा लाइन का दिल्ली मेट्रो के दूसरे कॉरिडोरों के साथ संपर्क और मजबूत होगा। पीरागढ़ी पर ग्रीन लाइन, पीतमपुरा पर रेड लाइन, हैदरपुर बादली मोड़ पर येलो लाइन और मजलिस पार्क पर पिंक लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी।
इससे बहादुरगढ़, रोहिणी, गाजियाबाद, गुरुग्राम, आनंद विहार और दक्षिण दिल्ली की तरफ जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। नोएडा के बॉटनिकल गार्डन से लेकर जनकपुरी और एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 तक सफर करने वालों के लिए भी मैजेंटा लाइन महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी।
29 किलोमीटर के कॉरिडोर का अहम हिस्सा
फेज-4 के तहत बॉटनिकल गार्डन से आरके आश्रम मार्ग तक मैजेंटा लाइन का विस्तार किया जा रहा है। करीब 29 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके कुछ हिस्सों पर पहले ही मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। अब कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से पुष्पांजलि वाला हिस्सा शुरू होने का इंतजार है।
इस सेक्शन के चालू होने के बाद मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई करीब 55 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या 39 हो जाएगी। फिलहाल सबकी नजरें ट्रायल पर टिकी हैं। ट्रायल और सुरक्षा संबंधी मंजूरियां मिलने के बाद ही यात्रियों के लिए सेवा शुरू करने की अंतिम तारीख तय होगी। जनवरी 2027 की संभावित समयसीमा पूरी होती है तो पश्चिमी दिल्ली के लाखों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिल सकती है।
