दिल्ली में होगा मेट्रो का विस्तार, इन क्षेत्रों को जोड़ने की तैयारी
DELHI METRO UPDATE : दिल्ली वालों की लाइफ लाइन बनी दिल्ली मेट्रो के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर योजना तैयार की गई है। इसके तहत अब 279 किलोमीटर की नई रेलवे लाइन विकसित की जाएगी। गौरतलब है कि फिलहाल दिल्ली में करीब 416 किलोमीटर की लाइन है। वहीं इसको बढ़ा कर अब 695 किलोमीटर किया जाएगा।
दरअसल दिल्ली में मेट्रो के संचालन के बाद सड़कों पर वाहनों का दबाव कुछ कम हुआ था, लेकिन अब फिर से दबाव बढ़ रहा है। विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां दिल्ली मेट्रो की पहुंच नहीं है। ऐसे में दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा राजधानी के मास्टर प्लान-2047 के तहत यातायात प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन, पार्किंग और पैदल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर योजना बनाई जा रही है।
इसको लेकर विशेष बैठक का आयोजन किया गा। इसमें एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, एनएचएआई, डीएमआरसी के साथ अन्य विभागों ने भी हिस्सा लिया और दिल्ली में बेहतर यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की। इसी दौरान नए मेट्रो विस्तार की योजना बनी है।
नमो भारत ट्रेन का भी विस्तार
मेट्रो के साथ- साथ बैठक में नमो भारत ट्रेन के विस्तार को लेकर भी याजना बनी है। फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नमो भारत ट्रेन का दायरा 82 किमी है। इसको अब बढ़ाकर 383 किलोमीटर किया जाएगा। साथ ही इस दौरान तय हुआ है कि सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट में परिवहन केंद्रों के माध्यम से मेट्रो सहित विभिन्न परिवहन साधनों के बीच बेहतर संपर्क बनाया जाएगा।
बाहरी क्षेत्रों में मिलेगी सुविधा
दिल्ली में मेट्रो के विस्तार से बाहरी और नए विकसित हुए क्षेत्रों में सुविधा मिलेगी। इससे लोगों को अपने कार्यालय या अन्य काम से जाने के लिए अपनी निजी गाड़ी की जरूरत कम से कम पड़ेगी। क्योंकि मेट्रो की पहुंच इस प्रकार से रहेगी कि लोगों को इसकी सुविधा अधिक से अधिक मिल सके।
