logo

2 दिन अमावस्या, दिवाली के बाद जानें कब है गोवर्धन पूजा-अन्नकूट, भैया दूज 

 
2 दिन अमावस्या, दिवाली के बाद जानें कब है गोवर्धन पूजा-अन्नकूट, भैया दूज 

Govardhan Puja Bhaiya Dooj : इस माह दो अमावस्या होने के कारण त्यौहारों को लेकर असमंजस बना हुआ है। दीपावली के बाद आने वाले त्योहारों की तारीखों को लेकर अलग-अलग परंपराओं के अनुसार आयोजन होंगे। दीपावली 8 नवंबर रविवार को मनाई जाएगी।

इसी दिन शाम को प्रदोष काल में अमावस्या तिथि होने के कारण घरों और मंदिरों में मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर की पूजा होगी। इसके अगले दिन 9 नवंबर को सोमवार होने से सोमवती अमावस्या का संयोग बनेगा। इस दिन स्नान और दान का विशेष महत्व रहेगा। अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी।

तिथि के इस बदलाव के कारण गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की तारीख सभी मंदिरों में एक समान नहीं रहेगी। कुछ मंदिरों में दीपावली के अगले दिन यानी 9 नवंबर को ही गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के आयोजन होंगे। वहीं, ज्यादातर मंदिरों और घरों में 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा की जाएगी। भाई दूज का पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा।

दिवाली के दिन सूर्यदेव को जल अर्पित करना शुभ
ज्योतिषाचार्य ज्योतिषाचार्य केसरी नंदन तिवारी ने बताया कि इस बार दीपावली रविवार के दिन है। ज्योतिषियों के अनुसार रविवार के अधिपति सूर्यदेव हैं। ऐसे में दीपावली के दिन मां लक्ष्मी, भगवान गणेश और कुबेर की पूजा के साथ सुबह सूर्यदेव को जल अर्पित करना भी शुभ माना गया है।

इस संबंध में एक प्रचलित लोकोक्ति है- 'रविवासर दीपावली, मंगल मोद बढ़ाए, भानु- महालक्ष्मी की युति दरिद्रता दूर भगाए । उन्होंने बताया कि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे अमावस्या शुरू होगी। शाम को प्रदोष काल और रात्रि में भी अमावस्या तिथि रहने के कारण दीपावली का पूजन इसी दिन करना उचित रहेगा। अगले दिन दोपहर 12:31 बजे अमावस्या समाप्त होगी। सोमवार को सोमवती अमावस्या होने से स्नान-दान का महत्व रहेगा।

नागोरी गेट हनुमान मंदिर और श्री बालाजी मित्र मंडल ट्रस्ट लगाएंगे अन्नकूट
श्रीअन्नकूट पर्व के उपलक्ष्य में हर वर्ष की भांति इस वर्ष 10 नवंबर को हरियाणा कुरुक्षेत्र सनातन धर्म हनुमान मंदिर, नागोरी गेट के तत्वावधान में मंदिर प्रांगण में दोपहर 12 बजे से अन्नकूट प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के प्रधान कैलाश चौधरी एडवोकेट, सचिव मधुसूदन गुप्ता व महोत्सव संयोजक प्रमोद कुमार मित्तल सीए ने कहा कि प्रसाद लेने के लिए अपने साथ बर्तन अवश्य लेकर आएं, पॉलीथिन की थैलियां न लाएं।

हिसार सिटी थाना रोड स्थित श्री बालाजी मंदिर में 40 क्विंटल अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया जाएगा। ट्रस्ट के सेवक रोनिस गोयल ने बताया कि दोपहर 12 बजे से प्रसाद वितरण का कार्यक्रम शुरू होगा। उससे पहले भगवान का पूजन किया जाएगा।