logo

शीतलहर से बचाव के लिए क्या खाएं, क्या पीएं, प्रशासन की एडवाइजरी जारी 

 

 
शीतलहर से बचाव के लिए क्या खाएं, क्या पीएं, प्रशासन की एडवाइजरी जारी 

Haryana news : आगामी दिनों में ठंड और शीतलहर की संभावना के मद्देनजर डीसी डा. वैशाली शर्मा ने आमजन के स्वास्थ्य, फसलों और पशुधन को शीतलहर (कोल्ड वेव) से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है और संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।

डीसी ने नागरिकों से मौसम की जानकारी के लिए रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों के संपर्क में रहने की अपील की। उन्होंने गर्म कपड़ों की कई परतें पहनने और सिर, गर्दन, हाथ तथा पैरों को ढककर रखने की सलाह दी।

शरीर में गर्मी बनाए रखने के लिए नियमित रूप से गर्म तरल पदार्थ लें और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए विटामिन-सी युक्त फल व सब्जियां खाएं। घर के बुजुर्गों, बच्चों और अकेले रहने वाले पड़ोसियों का विशेष ध्यान रखें। बंद कमरे में गर्मी के लिए कोयला या अंगीठी न जलाएं।

इससे जहरीली कार्बन मोनोआक्साइड गैस बन सकती है, जो जानलेवा है। ठंड से बचने के लिए शराब का सेवन भी न करें, क्योंकि इससे शरीर का तापमान कम होता है और हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ता है। अत्यधिक कंपकंपी, सुस्ती या उंगलियां सुन्न पड़ने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर को दिखाएं। प्रभावित हिस्से को रगड़ने या मालिश करने से बचें।

किसानों को पाले और शीतलहर से फसल बचाने के लिए खेतों में हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। संभव हो तो फव्वारा विधि अपनाएं। नर्सरी और छोटे फलदार पौधों को प्लास्टिक की चादर या सरकंडे की छप्पर से ढकें और ठंड के दौरान फसलों में खाद न डालें।

पशुपालक रात में पशुओं को खुले में न बांधें। पशुबाड़े को चारों ओर से ढकें, नीचे सूखा भूसा या पराली बिछाएं और पशुओं को ठंडा पानी व चारा न दें। पशुबाड़े में धुआं और नमी न होने दें।

दवाइयां, हीटर और एंबुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
डीसी ने स्वास्थ्य विभाग को नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों, हीटर और एंबुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर परिषद, नगर पालिकाओं और पंचायत विभाग को रैन बसेरों, पंचायत भवनों व सामुदायिक केंद्रों में जरूरतमंदों के लिए ठहरने, अलाव और कंबल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।