हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर से इलाज के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट की सुविधा लागू
Haryana news : पानीपत समेत हरियाणा के सभी जिलों में जिला मुख्यालय पर स्थित सिविल अस्पताल में डॉक्टर से इलाज के लिए अब ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट की सुविधा लागू हो गई है। किसी भी बीमारी के मरीज को अगर डॉक्टर से उपचार के लिए दिखाने के लिए आना है तो घर बैठे पहले ही ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट करवा सकते हैं। इससे अस्पताल की ओपीडी लाइन में लगने वाले समय की बचत होगी।
पानीपत के सिविल अस्पताल में यह सुविधा अब शुरू हो चुकी है। अब ई-उपचार के माध्यम से मरीज अपने डॉक्टर का ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन घर बैठे बुक कर सकता है, फिर सिविल अस्पताल में अलाकर स्पेशल खिड़की पर पेमेंट करके पर्ची ले सकता है।
यह पेमेंट पूरे प्रदेश में लागू की गई पानीपत की व्यवस्था यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली का सबसे पहले पानीपत के जिला नागरिक अस्पताल में परीक्षण किया था। फिर 13 अक्टूबर को राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की थी, जिसमें सभी सिविल सर्जनों और उप-सिविल सर्जनों को 16 अक्टूबर तक यूपीआई आधारित भुगतान सुविधा लागू करने के निर्देश दिए गए थे।
अब 23 जिलों में इस व्यवस्था को क्रियांवित कर दिया। डिप्टी एमएस डॉ. अमित पोरिया ने बताया कि इस योजना को लोगों को ज्यादा से फायदा मिले, इसके लिए उन्हें जागरूक कर रहे हैं। इससे उन्हें अस्पताल पहुंचने के बाद पारंपरिक पंजीकरण काउंटरों पर लंबी कतारों में लगने से राहत मिलेगी। ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेने वाले मरीजों को निर्धारित तिथि और समय पर अस्पताल पहुंचना होगा।
यूएचआईडी या नंबर से कर सकते है बुक
सीएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए मरीजों को पंजीकरण की लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े, इसके लिए ऑनलाइन प्री-रजिस्ट्रेशन शुरू किया है। मरीज अस्पताल के पोर्टल eupchaarharyana.org.in पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से घर बैठे पंजीकरण करा सकते हैं। पहले से पंजीकृत मरीज अपने पुराने यूएचआईडी (UHID) नंबर का इस्तेमाल करके भी पंजीकरण करवा सकते हैं।
