हरियाणा में 6 लाख से ज्यादा आय वाले परिवार भी बनवा सकते हैं आयुष्मान कार्ड
Ayushman Chirayu Scheme : आयुष्मान चिरायु योजना के तहत अब 6 लाख रुपए से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार भी 5 लाख रुपए तक के इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। सरकार ने चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसके लिए पोर्टल खोल दिया है। इच्छुक परिवार 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
परिवार की वार्षिक आय के अनुसार सालाना शुल्क निर्धारित किया गया है, जो अधिकतम 5 हजार रुपए तक होगा। इससे अधिक आय के कारण अब तक योजना से बाहर रहने वाले परिवार भी शुल्क देकर गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन का खर्च योजना के तहत उठा सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2011 के सर्वे के आधार पर आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 2 लाख 48 हजार 906 कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं, 1.80 लाख रुपए तक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए शुरू की गई चिरायु योजना में करीब 3 लाख 60 हजार कार्ड बन चुके हैं।
इसके अलावा 1.80 लाख से 3 लाख रुपए तक वार्षिक आय वाले परिवारों में 47 हजार 547 परिवार योजना का लाभ ले चुके हैं। अब सरकार ने 6 लाख रुपए से अधिक आय वाले परिवारों को भी इसके दायरे में शामिल करने का रास्ता खोल दिया है। योजना के तहत लाभार्थी पैनल में शामिल सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपए तक का इलाज करवा सकते हैं। इसके लिए 30 नवंबर तक आवेदन करना होगा।
घर बैठे ऐसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड
कार्ड बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इच्छुक परिवार चिरायु आयुष्मान हरियाणा पोर्टल पर जाकर आवेदन का विकल्प चुनें। इसके बाद परिवार पहचान पत्र नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल पर ओटीपी आएगा। सत्यापन के बाद परिवार की आय के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करने का विकल्प मिलेगा।
भुगतान प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी। जो लोग खुद ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, वे नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर भी आवेदन करवा सकते हैं।
आयुष्मान जिला सूचना अधिकारी उज्जवल वर्मा का कहना है कि 6 लाख रुपए वार्षिक आय से अधिक वाले परिवार पहचान पत्र धारक भी 5 हजार रुपए प्रति वर्ष देकर आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए सरकार की ओर से 30 नवंबर तक पोर्टल खोला गया है। लोग खुद ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या सीएससी सेंटर पर जाकर भी कार्ड बनवा सकते हैं।
