logo

होटल-ढाबा, करियाणा दुकानदार तक को लेनी होगी ट्रेनिंग, फीस भी तय; जानें किसे कितने रुपये देने होंगे

 
होटल ढाबा, करियाणा दुकानदार तक को लेनी होगी ट्रेनिंग

FSSAI rule change : खाद्य सुरक्षा को लेकर अब सख्ती शुरू हो गई है। इसके लिए तय किया है कि जो भी लोग खाद्य वस्तुओं के निर्माण से जुड़े हैं, उन सभी को प्रशिक्षण लेना होगा। इसमें रेहड़ी पटरी पर रिटेल दुकान चलाने वालों से लेकर ढाबा, होटल या रेस्टोरेंट संचालक भी शामिल हैं। 

इसके लिए फीस भी तय कर दी गई है। इसके तहत रिटेल दुकानदारों को इस प्रशिक्षण के लिए 826 रुपये व ढाबा, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को 1200 रुपये फीस देनी होगी। इसके तहत खाद्य कारोबार संचालकों के लिए फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन यानी फोस्टेक ट्रेनिंग दी जाएगी। 

खाद्य कारोबारियों को आरोमा शिक्षा एवं सेवा समिति द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए सिमित द्वारा 17 नवंबर को एक पत्र जारी किया गया है। इसमें जींद जिला के सभी खाद्य कारोबारियों को प्रशिक्षण के लिए कहा गया है। इस पत्र में कहा गया है कि जो व्यापारी रिटेल खाद्य श्रेणी में काम करते हैं, उनको प्रशिक्षण के लिए 826 रुपये प्रति प्रशिक्षणार्थी देने होंगे। 

इसके तहत उन सभी लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो खाद्य सामग्री रखते और बेचते हैं। इसमें करियाणा दुकान, जनरल स्टोर और अन्य खुदरा खाद्य विक्रेताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा कैटरिंग श्रेणी के तहत रेस्टोरेंट, होटल, ढाबा और कैटरिंग संचालकों को प्रशिक्षण के लिए 1200 रुपये फीस देनी होगी। 

इतना ही नहीं जो ईकाईयां खाद्य पदार्थों का निर्माण और उत्पादन करती है, उनको भी प्रशिक्षण लेना होगा। उनको भी 1200 रुपये प्रति प्रशिक्षणार्थी फीस भरनी होगी। प्रशिक्षण देने वाली समिति का कहना है कि फोस्टेक प्रशिक्षण से खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के आवश्यक नियमों की जानकारी दी जाएगी।

इसके तहत अलग-अलग खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ- सफाई के साथ सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के बारे में भी प्रशिक्षित किया जाना है। इसको लेकर जींद के जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. अमनप्रकाश ढाका के अनुसार फोस्टेक प्रशिक्षण खाद्य कारोबारियों को खाद्य स्वच्छता के बारे में जागरूक करेगा।