हरियाणा में दिवाली से पहले CM फ्लाइंग का छापा, 2205 किलो घी सीज, 8 सैंपल भरे
CM Flying raid Fake Ghee : त्योहारी सीजन से पहले नकली व मिलावटी घी, दूध, मावा, पनीर और मिठाइयों पर सीएम फ्लाइंग व फूड सेफ्टी की धड़ाधड़ कार्रवाई चल रही है। इससे मार्केट में हड़कंप मच गया है। जींद के नरवाना में सीएम फ्लाइग की टीम ने दो देशी घी प्लांटों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान देशी घी के संदिग्ध मिलने पर 2205 लीटर घी सीज कर दिया। दोनों प्लांटों से आठ सैंपल टीम द्वारा भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा गया है। जीएसटी से संबंधित स्थान में भी भिन्नता पाई गई। सीएम फ्लाइंग ने छापेमारी की रिपोर्ट बना कर मुख्यालय को भेज दी है।
सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि नरवाना एचआईडीसी दो प्लाट नंबर 111 तथा 177 में देशी घी के प्लांट चल रहे हैं। जिसमे विभिन्न ब्रांडों के देशी घी तैयार किए जा रहे है। त्यौहारों के सीजन में घी में मिलावट से नकारा नही जा सकता है। सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर सतपाल के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया। जिसमें सीएम फ्लाइंग के सब इंसपेक्टर चरण सिंह तथा एएसआई कर्मबीर को भी शामिल किया गया।
जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डा. अमनप्रकाश तथा जीएसटी के अधिकारी भी शामिल हुए। प्लांटों का संचालन गांव चौसाला कैथल निवासी संजीव द्वारा उसकी पत्नी सीमा के नाम से पाया गया। रजिस्ट्रेशन वैधता भी अक्टूबर 2029 तक पाई गई। प्लांट 111 मे भावनादीप 250 किलोग्राम, एसबी मधु फ्रेस वनस्पति 915 किलोग्राम, हरियाणा प्योर 694 किलोग्राम व लूज वनस्पति 390 किलोग्राम पाया गया। जिनके चार सैंपल टीम द्वारा भरे गए। जीएसटी रजिस्ट्रेशन में भिन्नता पाई गई।
जिसके बाद दूसरे प्लांट 177 पर दस्तक दी गई। जिसमें देशी घी मां अंजनी घी 945 किलो, अरविंद घी 345 किलो, लूज घी 915 किलो, क्रीम 200 किलोग्राम पाई गई। यानि कुल 2205 किलोग्राम देशी घी संदिग्ध पाया गया। जिसे छापामार टीम ने सीज कर दिया। टीम ने यहां से तीन देशी घी तथा एक सैंपल क्रीम का भरा। दोनों प्लांटों से भरे गए आठों सैंपलों को जांच के लिए लैबारेट्री भेज दिया गया।
यहां पर जीएसटी स्थान में भिन्नता पाई गई। सीएम फ्लाइंग ने छापेमारी की विस्तृत रिपोर्ट तैयार मुख्यालय को भेज दी है। आगामी कार्यवाही खाद्य एवं सुरक्षा विभाग तथा जीएसटी विभाग द्वारा अमल मे लाई जाएगी।
जिला एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. अमनप्रकाश ने बताया कि दोनों प्लांटों से आठ सैंपल घी के भरे गए हैं। 2205 लीटर देशी को सीज किया गया है। सैंपलों को जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा गया है। आगामी कार्यवाही सैंपल रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
