तेजाब पीड़ितों के लिए सरकार का बड़ा फैसला, मुफ्त इलाज के साथ पेंशन मिलेगी
Acid attack victim : हरियाणा में तेजाब हमले का दर्द झेल चुकी पीड़िताओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने सहायता प्रक्रिया तेज की है। इसी कड़ी में जींद जिले की एक तेजाब पीड़िता को उपचार और पुनर्वास के लिए 12.98 लाख रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता मंजूर की गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में यह फैसला लिया गया।
सरकार की ओर से मंजूर की गई राशि में पीड़िता के इलाज पर हुए खर्च की भरपाई भी शामिल है। कमेटी ने उपचार के लिए जमा करवाए गए 11 लाख 12 हजार 614 रुपये के मेडिकल बिल और 85 हजार 953 रुपये के अतिरिक्त मेडिकल बिल की प्रतिपूर्ति को स्वीकृति दी।
इसके अलावा तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत एक लाख रुपये की अंतरिम सहायता देने का निर्णय लिया गया। इस तरह पीड़िता को कुल 12 लाख 98 हजार 567 रुपये की मदद मिलेगी।
इलाज के साथ भविष्य की आर्थिक सुरक्षा पर भी ध्यान
इस मामले में सरकार ने केवल चिकित्सा खर्च की भरपाई तक ही सहायता सीमित नहीं रखी है। बैठक के दौरान मंत्री श्रुति चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को पीड़िता को दिव्यांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू करवाने के निर्देश दिए। इसके लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग को पत्र लिखने को कहा गया है।
पीड़ितों को निजी खर्च पर नहीं कराना पड़ेगा इलाज
हरियाणा सरकार की तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत प्रभावित महिलाओं, बालिकाओं और 18 वर्ष तक के बालकों को एक लाख रुपये की अंतरिम राहत देने का प्रावधान है। इसके साथ ही पात्र पीड़ितों को 100 प्रतिशत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था भी है। इसका उद्देश्य यह है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी पीड़ित का उपचार प्रभावित न हो।
योजना का लाभ लेने के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
बैठक में श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को प्रदेशभर में योजना का प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता की जानकारी हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए। कई बार जानकारी के अभाव में जरूरतमंद लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। इसलिए विभागीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के साथ पीड़ितों के मामलों में संवेदनशीलता से काम करने की जरूरत है।
