logo

फूड सेफ्टी विभाग की रेड, 360 किलो पनीर, 420 किलो मिठाई, 55 लीटर दूध करवाया नष्ट

 
फूड सेफ्टी विभाग की रेड, 360 किलो पनीर, 420 किलो मिठाई, 55 लीटर दूध करवाया नष्ट

Food Safety Raid : त्योहारी सीजन में रंग-बिरंगी मिठाइयों, दूध-घी-पनीर में मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा है। वहीं फूड सेफ्टी विभाग भी एक्टिव नजर आ रहा है और जगह-जगह रेड कर संदिग्ध या एक्सपायरी डेट माल को नष्ट करवाया जा रहा है। 

जींद में पिछले पांच दिन से लगातार विभाग की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। मंगलवार रात को नरवाना में विभाग की टीम ने 360 किलोग्राम पनीर पकड़ा। वहीं बेलरखां गांव में 420 किलोग्राम मिठाई व 55 लीटर दूध बरामद किया। टीम ने पनीर, मिठाइयों व दूध को खराब हालत में पाया। इनमें मच्छर-मक्खी पड़े थे। टीम ने इनके सैंपल लेकर इनको नष्ट करवा दिया। रात को ही टीम ने पूरे सामान को मिट्टी में दबा दिया।

पिछले दिनों लुधियाना में काफी मात्रा में एनालाग पनीर मिला था। इस पनीर के बारे में लुधियाना टीम ने बताया कि यह पनीर जींद के नरवाना से सप्लाई किया गया था। उसी समय से जिला खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम नरवाना की खाक छान रही थी। इसके लिए काफी लोगों से संपर्क किया गया, लेकिन टीम को कोई जानकारी नहीं मिली।

टीम को पता चला कि जो पनीर लुधियाना में सप्लाई किया गया था, वह कलायत से सप्लाई हुआ था। इसके बावजूद टीम लगातार नरवाना में अपनी जांच को जारी रखे रही। इसी जांच का नतीजा रहा कि मंगलवार रात को नरवाना के टोहाना रोड पर टीम को एक गोदाम मिला, जिसमें पनीर बनाया जा रहा था।

जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी डा. अमन प्रकाश ढाका ने जब पनीर देखा तो यह एनलाग पनीर मिला। यहां मौके पर बिहार के पूर्वा चंपारण निवासी सद्दाम हुसैन मौके पर मिला। सद्दाम हुसैन ने यह बात स्वीकार नहीं की कि उसने ही लुधियाना में पनीर सप्लाई किया था। इसका दूसरा भाई अकरम मौके पर नहीं मिला। दोनों भाई यह काम करते हैं।

360 किलोग्राम पनीर मिला, मिट्टी में दबाया
डा. अमन प्रकाश ढाका ने कहा कि टीम ने जब सद्दाम हुसैन के गोदाम की जांच की तो यहां पर 360 ग्राम पनीर मिला। जांच करने पर यह एनालाग पनीर मिला। इसकी हालत काफी बुरी थी। टीम ने इसे नष्ट करवा दिया। उन्होंने कहा कि टीम ने इस पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। इससे पहले भी नरवाना व उचाना में कुछ दिन पहले मिले पनीर को टीम ने नष्ट करवाया था।

बेलरखां गांव में 420 ग्राम मिठाई को करवाया नष्ट
मंगलवार रात को ही डा. अमन प्रकाश ढाका अपनी टीम के साथ गांव बेलरखां पहुंचे। यहां पर भी घटिया क्वालिटी की मिठाइयां बनाने की सूचना मिली थी। टीम ने यहां एक दुकान पर दबिश दी। जब उन्होंने दुकान के अंदर प्रवेश किया तो यहां मिठाइयां काफी खराब नजर आई। टीम को यहां पर 150 किलोग्राम रस्सगुल्ला, 200 किलोग्राम गुलाब जामुन, 70 किलोग्राम खोया मिला।

इनमें मच्छर-मक्खी मरी पड़ी थी। इसके अलावा 55 लीटर दूध भी खराब मिला। टीम ने रात को ही सभी मिठाइयों व दूध को मिट्टी खोदकर दबा दिया। डा. ढाका ने बताया कि सभी मिठाइयों व दूध के सैंपल भी लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यदि किसी व्यक्ति को शिकायत करनी हो तो वह मेरे नंबर 9416473351 पर कर सकता है। विभाग का मुख्य उद्देश्य है कि लोगों को जो भी मिठाइयां व अन्य खाद्य सामग्री मिले, वह अच्छी मिलें। मिलावटखोरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिन-जिन दुकानदारों की सैंपल रिपोर्ट फेल आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
--डा. अमन प्रकाश ढाका, जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी