हरियाणा की महिलाओं को मिलेंगे 5 लाख रुपये के पुरस्कार
हरियाणा की महिलाओं को सरकार द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों के लिए 15 पुरस्कार दिए जाते हैं। 8 मार्च यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर यह पुरस्कार दिए जाते हैं। इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। हरियाणा के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इसके लिए ऑनलाइन अवेदन मांगे हैं।
इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी 8 मार्च 2027 को राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों के लिए आवेदन 5 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक किए जा सकते हैं।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इन पुरस्कारों में अधिकतम पांच लाख रुपये की राशि के साथ प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान को पहचान देना है।
यह पुरस्कार देती है सरकार
इस योजना के तहत सरकार द्वारा सुषमा स्वराज पुरस्कार पांच लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार 1.50 लाख रुपये और कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार में भी एक लाख रुपये मिलते हैं। वहीं लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड के तहत 51 हजार रुपये मिलते हैं।
अन्य पुरस्कार भी
इसके अलावा इस योजना के तहत सरकार सरकारी कर्मचारी और सामाजिक कार्यकर्ता श्रेणी में चार-चार व महिला उद्यमी श्रेणी में 2 पुरस्कार देती है। इन सभी पुरस्कारों के तहत प्रत्येक चयनित महिला को 21 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।
साथ लगाएं यह दस्तावेज
इन पुरस्कारों को पाने के लिए हरियाणा की मूल निवासी महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। जिन महिलाओं को आवेदन करना है, उनके पास परिवार पहचान पत्र होना जरूरी है। साथ ही हस्ताक्षरयुक्त शपथ-पत्र भी लगाना होगा। साथ ही ऐसी महिलाओं या उनकी संस्था के खिलाफ किसी मंच, विभाग या न्यायालय में प्रतिकूल मामला लंबित नहीं हो। इसकी घोषणा भी आवेदनकर्ता को स्वयं करनी होगी।
सिर्फ ऑनलाइन करें आवेदन
इन पुरस्कारों के लिए महिलाओं या संस्थाओं को सिर्फ ऑनलाइन ही आवेदन करने होंगे। इसके लिए आफलाइन आवेदन मान्य नहीं किए जाएंगे। ऐसे में जो भी महिलाएं इन पुरस्कारों के लिए आवेदन करना चाहती हैं, वे 5 दिसंबर शाम 5 बजे तक हर हाल में आवेदन कर दें। इसके लिए अधिक जानकारी जिला स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय से ली जा सकती है।
