logo

जींद के 3 गांवों में 1.73 करोड़ रुपये से बनेंगे पशु चिकित्सालय

 
जींद के 3 गांवों में 1.73 करोड़ रुपये से बनेंगे पशु चिकित्सालय

Jind news : कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने शहर में 40.29 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पशु अस्पताल के नए भवन का शिलान्यास किया। बेदी ने कहा कि नरवाना विधानसभा क्षेत्र में पशुपालन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करीब एक करोड़ 73 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

इसके तहत गांव हमीरगढ़ में 31 लाख रुपये, गांव रसीदां में भी 31 लाख रुपये से पशु चिकित्सालय बनाया जाएगा। गांव फरैण कलां में 31 लाख रुपये कसे बनने वाले पशु चिकित्सालय की इमारत का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। अमरगढ़ में 41 लाख रुपये से पशु चिकित्सालय निर्माण के लिए टेंडर लगाया जाना है।

बेदी ने बताया कि नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव धरौदी, अमरगढ़ तथा फरैण कलां में तीन बड़े पशु अस्पताल बनाने का प्रस्ताव भी सरकार ने मंजूर कर लिया है। इन अस्पतालों के निर्माण से आसपास के गांवों के पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें इलाज के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने शहर की सीवरेज व्यवस्था को लेकर बताया कि करीब 44 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइपलाइन से संबंधित परियोजना के साथ-साथ चमेला कालोनी व रेलवे लाइन के साथ लगते क्षेत्र को सीवरेज व्यवस्था से जोडऩे का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। यह क्षेत्र इस्माइलपुर रोड तक शहर की मुख्य सीवर लाइन से जुड़ा नहीं था।

रेलवे विभाग से मंजूरी मिलने के बाद अब इस कार्य को शुरू करवा दिया गया है। इससे चमेला कालोनी, मेला मंडी सहित शहर के बाहरी क्षेत्रों के लोगों को सीवरेज की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि गांव धनोरी में सीवरेज का पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य पहले ही किया जा चुका था, लेकिन करीब 20 प्रतिशत कार्य शेष रह गया था।

शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का टेंडर इसी सप्ताह जारी कर दिया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत करीब 100 सफाई कर्मचारी शहर में रात के समय सफाई कार्य करेंगे।

इस अवसर पर एसडीओ डा. ओमप्रकाश, डा. संजीव भाटिया, एक्सईएन प्रशांत, एसडीओ कुलदीप कोहाड़, नवीन मुंडे, ईओ सुशील भुक्कल, एमई राजकुमार, हंसराज समैन, वीरेंद्र नैन, तेजपाल शर्मा, विनय मित्तल, संजय बल्हारा, जसवीर नैन भी मौजूद रहे।