UCC : हरियाणा में शादी से तलाक, लिव इन तक बदलेंगे नियम, 60 दिन में मैरिज रजिस्ट्रेशन
UCC News : हरियाणा में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं। राज्य विधि आयोग ने इसका मसौदा विधेयक तैयार कर लिया है। इसमें विवाह, तलाक, गुजारा भत्ता, बच्चों की देखभाल, संपत्ति में उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे महत्वपूर्ण विषयों को एक समान कानूनी व्यवस्था के दायरे में लाने का प्रस्ताव किया गया है।
यदि यह विधेयक विधानसभा से पारित होकर कानून बनता है तो राज्य में रहने वाले हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सहित सभी धर्मों के लोगों के लिए इन मामलों में समान नियम लागू होंगे। प्रस्तावित कानून का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करना, विवाह संबंधों को कानूनी पहचान देना और पारिवारिक मामलों में अलग-अलग धार्मिक व्यवस्थाओं के स्थान पर समान कानूनी प्रावधान लागू करना है। फिलहाल मसौदा राज्य सरकार को भेजा गया है। इस पर अंतिम निर्णय सरकार को लेना है।
शादी के 60 दिन के भीतर कराना होगा पंजीकरण
प्रस्तावित UCC में विवाह पंजीकरण को अनिवार्य बनाने का प्रावधान किया गया है। मसौदे की धारा 6 के अनुसार, कानून लागू होने के बाद हरियाणा में होने वाली शादी का पंजीकरण 60 दिनों के भीतर कराना होगा। हरियाणा का निवासी यदि दूसरे राज्य या देश में भी विवाह करता है तो उसके लिए भी पंजीकरण अनिवार्य होगा।
11 अप्रैल 2008 के बाद हुई और संहिता लागू होने तक अपंजीकृत रहने वाली शादियों को पंजीकरण के लिए एक साल का समय देने का प्रस्ताव है। वहीं, पंजीकरण नहीं कराने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। धार्मिक रीति-रिवाज से शादी करने की स्वतंत्रता बनी रहेगी, लेकिन विवाह का रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा। विशेष विवाह अधिनियम 1954 के तहत होने वाले विवाह भी प्रस्तावित कानून के दायरे में रहेंगे।
तलाक के लिए सभी धर्मों में समान होंगे आधार
मसौदे में तलाक के लिए भी एक जैसे कानूनी आधार निर्धारित किए गए हैं। इनमें व्यभिचार, मानसिक और शारीरिक क्रूरता, लगातार दो साल तक जीवनसाथी को छोड़कर चले जाना, धर्म परिवर्तन और गंभीर मानसिक बीमारी जैसे कारण शामिल हैं। इसके अलावा संक्रामक यौन रोग, संन्यास लेने और सात साल तक किसी व्यक्ति के जीवित होने की जानकारी नहीं मिलने की स्थिति में भी तलाक का प्रावधान प्रस्तावित है।
एक से अधिक विवाह करने और अदालत के भरण-पोषण संबंधी आदेश का कम से कम एक साल तक पालन नहीं करने को भी तलाक का आधार बनाया गया है। पत्नी को पति द्वारा दुष्कर्म या अप्राकृतिक यौन अपराध किए जाने की स्थिति में भी तलाक मांगने का अधिकार देने की बात कही गई है।
आपसी सहमति से तलाक के लिए एक साल अलग रहना जरूरी
प्रस्तावित व्यवस्था में पति-पत्नी आपसी सहमति से तलाक लेना चाहते हैं तो उन्हें कम से कम एक साल तक अलग रहना होगा। इसके बाद दोनों की सहमति से अदालत में संयुक्त याचिका दाखिल की जा सकेगी। पहली याचिका के छह महीने बाद और 18 महीने के भीतर दूसरी संयुक्त अर्जी देने का प्रावधान रखा गया है।
हालांकि, विशेष परिस्थितियों में अदालत एक साल अलग रहने की शर्त और छह महीने की प्रतीक्षा अवधि में छूट दे सकेगी। तलाक या विवाह को शून्य घोषित करने का फैसला अंतिम होने के बाद ही दोनों को दोबारा शादी करने की अनुमति होगी। प्रस्ताव में दोबारा विवाह के लिए हलाला की कोई शर्त नहीं रखी गई है।
पति और पत्नी दोनों को मिल सकेगा गुजारा भत्ता
UCC के मसौदे में भरण-पोषण के अधिकार को भी समान बनाने का प्रस्ताव है। यदि पति या पत्नी में से कोई आर्थिक रूप से कमजोर है तो मुकदमे के दौरान अदालत दूसरे पक्ष को गुजारा भत्ता और कानूनी लड़ाई का खर्च देने का आदेश दे सकेगी।
लिव-इन रिलेशनशिप का भी करना होगा पंजीकरण
प्रस्तावित संहिता में लिव-इन रिलेशनशिप को भी कानूनी दायरे में लाने की बात कही गई है। इसके अलावा मसौदे में तलाक के बाद बच्चों की अभिरक्षा, उनकी देखभाल, शिक्षा और खर्च से जुड़े मामलों में अदालत को निर्णय लेने का अधिकार देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा उत्तराधिकार और संपत्ति के अधिकारों को लेकर भी समान कानूनी व्यवस्था बनाने की बात कही गई है। इससे बेटियों और महिलाओं के अधिकारों को मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
उत्तराखंड समेत कई राज्यों में UCC की पहल
देश में समान नागरिक संहिता को लेकर अलग-अलग राज्यों में पहल हुई है। उत्तराखंड में 27 जनवरी 2025 को UCC लागू किया जा चुका है। गुजरात, असम और मध्य प्रदेश की विधानसभाओं में भी इससे संबंधित विधेयक पारित होने की जानकारी दी गई है। गोवा में पुर्तगाली नागरिक संहिता के तहत पहले से समान नागरिक कानून व्यवस्था लागू है।
हरियाणा राज्य विधि आयोग ने विवाह से लेकर तलाक, भरण-पोषण और उत्तराधिकार तक विभिन्न कानूनी पहलुओं का अध्ययन कर मसौदा तैयार किया है। इसे मुख्य सचिव और गृह विभाग को भेज दिया गया है।
