logo

रेवाड़ी से आगरा-मथुरा जाना हुआ आसान, कोसली से रोजाना चलेगी रोडवेज बस

 
रेवाड़ी से आगरा-मथुरा जाना हुआ आसान, कोसली से रोजाना चलेगी रोडवेज बस

Rewari to Agra Bus timing : हरियाणा के रेवाड़ी जिले और आसपास के क्षेत्रों से उत्तर प्रदेश के आगरा व मथुरा जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रोडवेज विभाग ने कोसली सब डिपो से आगरा के लिए बस सेवा दोबारा शुरू कर दी है। इस बस के संचालन से यात्रियों को अब आगरा पहुंचने के लिए बार-बार बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खासकर रेवाड़ी, धारूहेड़ा, बावल, भिवाड़ी और पलवल क्षेत्र के लोगों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

नई व्यवस्था के अनुसार बस कोसली से सुबह 4 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी। यह सुबह करीब 6 बजकर 20 मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी। यहां से आगे निर्धारित रूट पर चलती हुई पलवल, होडल, कोसी और मथुरा के रास्ते आगरा पहुंचेगी। बस के दोपहर करीब 12 बजे आगरा पहुंचने का समय निर्धारित किया गया है।

शादी के सीजन को देखते हुए लिया फैसला
आगरा रूट पर यह बस सेवा पहले भी संचालित की जा रही थी, लेकिन यात्रियों की संख्या और बुकिंग कम रहने के कारण इसे बंद करना पड़ा था। अब शादी-विवाह के सीजन में यात्रियों की बढ़ती संभावित आवाजाही को देखते हुए रोडवेज विभाग ने इसे फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे उत्तर प्रदेश के उन लोगों को भी फायदा होगा, जो हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों में नौकरी करते हैं और अपने घर आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते हैं।

दोपहर 12:40 बजे आगरा से होगी वापसी
आगरा से कोसली के लिए बस दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी। वापसी के दौरान बस करीब 3 बजकर 40 मिनट पर पलवल पहुंचेगी और रेवाड़ी होते हुए शाम 6 बजकर 40 मिनट तक कोसली पहुंचने का समय निर्धारित है।

कोसली से 380 और रेवाड़ी से 335 रुपये किराया
इस रूट पर कोसली से आगरा तक का किराया 380 रुपये रखा गया है। वहीं रेवाड़ी से आगरा जाने वाले यात्रियों को 335 रुपये किराया देना होगा। सीधी बस मिलने से यात्रियों का समय बचेगा और सफर भी सुविधाजनक होगा।

रोडवेज के कार्य निरीक्षक जसवंत सिंह के अनुसार आगरा रूट पर बस का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया है। यात्रियों की मांग को देखते हुए विभाग अन्य रूटों पर भी बस सेवाएं शुरू करने पर विचार करेगा।