हरियाणा की इस 600 साल पुरानी धरोहर का बदलेगा रूप, वॉकिंग ट्रैक, लाइटिंग तक की तैयारी
हरियाणा सरकार पुरानी विरासत, धरोहरों को सहेजने में जुटी है। पुराने किलों, धरोहरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि विरासत तो सहेजी ही जाए, साथ ही इन्हें पर्यटन का आकर्षण का केंद्र भी बनाया जाए।
इसी कड़ी में हिसा की ऐतिहासिक पहचान और तुगलककालीन 14वीं सदी की बेमिसाल धरोहर गुजरी महल के दिन अब बदलने वाले हैं। लंबे समय से संरक्षण और बेहतर पर्यटक सुविधाओं का इंतजार कर रहे इस ऐतिहासिक स्मारक को अब नए सिरे से संवारा जाएगा।
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन के बीच गुजरी महल के संरक्षण, पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण को लेकर समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस परियोजना का उद्देश्य केवल ऐतिहासिक इमारत की मरम्मत करना नहीं, बल्कि इसे बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ लोगों को अपनी विरासत से जोड़ना भी है।
एमओयू के बाद अब भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों और जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन की तकनीकी टीम की ओर से महल परिसर का संयुक्त रूप से विस्तृत सर्वे किया जाएगा। सर्वे के आधार पर संरक्षण और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार होगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से काम शुरू किया जाएगा। परियोजना के तहत महल परिसर में पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर रहेगा।
वॉकिंग ट्रैक से लेकर फसाड लाइटिंग तक की होगी व्यवस्था
गुजरी महल परिसर में पर्यटकों की सुविधा के लिए बेहतर पाथवे और वॉकिंग ट्रैक विकसित किए जाने की योजना है। इसके अलावा ऐतिहासिक इमारत की खूबसूरती को निखारने के लिए आकर्षक फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे शाम के समय महल की ऐतिहासिक वास्तुकला को रोशनी के माध्यम से और बेहतर तरीके से देखा जा सकेगा।
परियोजना के तहत पर्यटक सूचना केंद्र, स्वच्छ पेयजल की सुविधा और आधुनिक डिस्प्ले सिस्टम भी विकसित किए जाने की उम्मीद है। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को महल के इतिहास और उसकी ऐतिहासिक महत्ता के बारे में जानकारी मिल सकेगी। लंबे समय से परिसर में पर्यटक सुविधाओं की कमी महसूस की जा रही थी।
सिर्फ इमारत नहीं, सांस्कृतिक विरासत को भी मिलेगा नया जीवन
जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन के अनुसार, यह पहल केवल ईंट-पत्थरों से बनी ऐतिहासिक इमारत के संरक्षण तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक निरंतरता, सामुदायिक पहचान और सतत विकास को बढ़ावा देना भी है। ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपने इतिहास और संस्कृति से जोड़ना इस परियोजना का अहम हिस्सा रहेगा।
हिसार में बढ़ेगा हेरिटेज टूरिज्म
गुजरी महल के संरक्षण और आधुनिकीकरण की परियोजना पूरी होने के बाद हिसार में हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सुविधाएं विकसित होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इस ऐतिहासिक धरोहर की ओर आकर्षित हो सकते हैं। वहीं, स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं को भी शहर के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
